loader
The Haryana Story | करनाल में में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती की हत्या, हाथ-पैर बंधे मिले शव

करनाल में में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती की हत्या, हाथ-पैर बंधे मिले शव

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक दंपति का पोता घर आया

करनाल जिले के असंध कस्बे में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग दंपती की नृशंस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। BDPO कार्यालय के समीप स्थित गली में उनके मकान के भीतर दोनों के शव जमीन पर पड़े मिले। हाथ-पैर बंधे होने और मुंह पर टेप लगे होने से मामला हत्या का स्पष्ट प्रतीत हो रहा है। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक दंपति का पोता घर आया। मृतक बुजुर्ग दंपति के पोते रोहित ने बताया कि सुबह वह इनसे मिलने के लिए आया था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर पहुंचा। दरवाजा अंदर से हल्का सा बंद था। भीतर कदम रखते ही उसे कमरों में सामान बिखरा दिखा। घबराकर वह बाहर आया और परिजनों को सूचना दी। दोबारा अंदर जाने पर बरामदे और कमरे में बुजुर्ग दंपती के शव पड़े मिले, जिनके शरीर अकड़े हुए थे।

हरि सिंह पूर्व नंबरदार रह चुके थे और कबाड़ का व्यवसाय करते थे

मृतकों की पहचान हरि सिंह (80) और उनकी पत्नी लीला (75) के रूप में हुई है। हरि सिंह पूर्व नंबरदार रह चुके थे और कबाड़ का व्यवसाय करते थे। वह मूल रूप से कारसा गांव के निवासी थे और पिछले करीब चार दशक से असंध में रह रहे थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक पास के इलाके में जबकि दूसरा पड़ोस में ही रहता है। सूचना मिलते ही ASP दीपिका अग्रवाल, DSP गोरखपाल राणा सहित असंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी

परिजनों के अनुसार परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी।  पोते ने बताया कि दादी के मुंह से खून निकल रहा था और दादा के मुंह पर टेप लगी थी। घर के कपड़े और अन्य सामान अस्त-व्यस्त पड़े थे, हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे लूट की वारदात नहीं मान रही है। DSP गोरखपाल राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों को पहले बरामदे में काबू किया गया और बाद में घसीटकर अंदर ले जाकर गला घोंटकर हत्या की गई। हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगाई गई थी। कितने लोग वारदात में शामिल थे, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। CIA की टीमें आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×