करनाल शहर की शिव कॉलोनी में मारपीट की घटना के बाद लापता हुए 25 वर्षीय युवक शुभम का दो दिन बीतने के बावजूद कोई पता नहीं चल पाया है। युवक की बाइक पश्चिमी यमुना नहर के किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसके बाद परिजनों ने आशंका जताई है कि उसने नहर में छलांग लगा ली होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी और वह एक बच्चे का पिता है। परिजनों का आरोप है कि 26 फरवरी को करीब 10 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों में उसका ससुर, एक पड़ोसी तथा अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
युवक को कॉलोनी में दौड़ाकर पीटा गया
शुभम की मां का कहना है कि तीन महिलाएं भी मारपीट में शामिल थीं। आरोप है कि युवक को कॉलोनी में दौड़ाकर पीटा गया और बाद में घर लाकर भी उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान घर में तोड़फोड़ की भी बात सामने आई है। परिवार का कहना है कि 26 फरवरी की रात करीब 9 बजे शुभम अपने ससुर के साथ गया था। रात लगभग 12 बजे उसकी आखिरी कॉल आई, जिसमें उसने बताया कि वह नहर किनारे बैठा है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। तलाश के दौरान परिजन पश्चिमी यमुना नहर तक पहुंचे, जहां उसकी बाइक खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रामनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस और एसडीआरएफ से सर्च ऑपरेशन की मांग करने पर उन्हें इंतजार करने की बात कही गई, जिससे परिवार में रोष है। इसके बाद परिजनों ने स्वयं गोताखोर प्रगट सिंह की टीम को बुलाकर नहर में तलाश शुरू कराई। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। परिजन लगातार नहर किनारे डटे हुए हैं। घटना के बाद कॉलोनी में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना