loader
The Haryana Story | कारोबारी से होटल में 15 लाख के गहनों की ठगी करने के मामले में ''मुख्य सरगना आरोपी युवती'' गिरफ्तार

कारोबारी से होटल में 15 लाख के गहनों की ठगी करने के मामले में ''मुख्य सरगना आरोपी युवती'' गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जाल में फंसाया, हरिद्वार जाते वक्त पानीपत के होटल में दिया था वारदात को अंजाम

सीआईए थ्री पुलिस टीम ने संजय चौक के पास स्थित थार इन होटल में रोहतक के एक कारोबारी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर 15 लाख के गहने व 50 हजार की नकदी ठगने के मामले में गिरोह की मुख्य सरगना आरोपी युवती को शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती की पहचान रोहतक निवासी मुस्कान के रूप में हुई है। सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुकी अपनी सहेली रोहतक निवासी कनिष्का के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा है। पुलिस ने आरोपी युवती को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया उसने इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी के नाम से आईडी बनाकर सोनू नाम के एक युवक से दोस्ती की। सोनू सोने की अंगूठी व गले में चेन पहनता था।

सहेली कनिष्का के साथ मिलकर सोनू को ठगने की साजिश रची

गहनों को देखकर उसने अपनी सहेली कनिष्का के साथ मिलकर सोनू को ठगने की साजिश रची। उन दोनों ने हरिद्वार घूमने के बहाने सोनू को साथ चलने के लिए राजी किया। 22 दिसंबर 2025 की शाम वह दोनों सोनू के साथ उसकी कार में रोहतक से हरिद्वार के लिए चले थे। धुंध ज्यादा होने के कारण पानीपत में संजय चौक के पास एक होटल में कमरा लेकर रूक गए। पहले से तय साजिश के तहत कनिष्का ने सोनू को बातों में उलझा लिया और उसने रेडबुल में नशीली दवा मिला दी। सोनू ने रेडबुल पी और कुछ देर बाद नशा होने पर सो गया तो वे दोनों सोने की 4 अंगूठी, 1 अंगूठे का छल्ला, गले से सोने की चेन व जेब से 50 हजार रूपए कैश निकालकर होटल से फरार हो गई थी।

मामले में पहले गिरफ्तार हो चुकी आरोपी युवती कनिष्का

आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसने ठगी किए सोने के जेवरात में से दो अंगूठी व चेन 15 लाख रूपए में बेचकर सहेली कनिष्का को उसके हिस्से के 6 लाख 20 हजार रूपए देकर बाकी की नकदी व जेवरात अपने पास रख लिए थे। प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस टीम रिमांड के दौरान आरोपी युवती से बचे गहने व नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी। मामले में पहले गिरफ्तार हो चुकी आरोपी युवती कनिष्का से उसके हिस्से में आई नकदी में से बचे 3 लाख रूपए बरामद कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया, उसको न्यायिक हिरासत जेल भेजा जा चुका है। 

यह है मामला

थाना चांदनी बाग में रोहतक निवासी एक कारोबारी ने 23 दिसंबर 2025 को शिकायत देकर बताया था कि उसका टाइल्स का होलसेल का कारोबार है। करीब 10 दिन से उसकी इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी नाम की आईडी पर बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे युवती ने अपनी मीठी मीठी बातों में उसे उलझा लिया। युवती ने उससे कहा आपकी रिल्स देखी है, आपका डांस बहुत अच्छा है। बातचीत करते हुए युवती ने पूछा आप जो गोल्ड पहनते हो क्या वह असली है। उसने हां में जवाब में दिया तो युवती ने कहा क्या हम अच्छे दोस्त बन सकते है। इसके बाद युवती ने मिलने के लिए कहा। युवती उससे मिलने के लिए होटल मन्नत हवेली रोहतक में पहुंची। जहां दोनों ने 10 मिनट तक हरियाणवी सिंगर केडी का लाइव शो देखा। इसके बाद वह युवती अपने घर चली गई और वह अपने घर आ गया। इसके बाद युवती ने उसको अपनी बातों में उलझाकर बाहर घूमने चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया।

तीनों ने रेड बुल और शराब पी

बाद में युवती अपनी एक गरीमा नाम की सहेली के साथ मिलने के लिए आई और बोली आपके साथ बाहर घूमने जाना चाहती है। काफी रिक्वेस्ट की तो वह उनकी बातों मे आ गया। 22 दिसंबर 2025 को रात करीब 8 बजे वह अपनी गाड़ी में दोनों युवतियों को लेकर रोहतक से हरिद्वार के लिए निकले। धुंध ज्यादा होने के कारण पानीपत में संजय चौक के पास स्थित थार इन होटल में एक रूम बुक करवा रूक गए। तीनों ने रेड बुल और शराब पी। नशा हो गया तो वह सो गया। 23 दिसंबर को सुबह होटल कर्मियों ने उसे चेक आउट के लिए उठाया तो देखा उसके गले में सोने की चेन, चार अंगूठी, अंगूठे का एक छल्ला और 50 हजार रूपए कैश गायब थे। होटल वालो से पूछने पर उन्होंने बताया दोनों युवतियां रात करीब 3 बजे होटल से चली गई। दोनों युवतियों मिलकर अपनी बातों में उलझाकर उससे सोने के गहने व नकदी ठगी कर ले गई। थाना चांदनी बाग में कारोबारी की शिकायत पर बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×