loader
The Haryana Story | सोनीपत फायरिंग केस में एक्शन: STF ने मुठभेड़ के बाद दो शूटर दबोचे, करनाल में रची जा रही थी बड़ी साजिश

सोनीपत फायरिंग केस में एक्शन: STF ने मुठभेड़ के बाद दो शूटर दबोचे, करनाल में रची जा रही थी बड़ी साजिश

न्यूट्रिशन शोरूम के बाहर आरोपियों ने गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद उन्होंने दहशत फैलाने के मकसद से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया

STF करनाल की टीम ने सोनीपत में हुई फायरिंग के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दादुपुर और कुराली नहर के पास हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी।घायल आरोपियों को उपचार के लिए करनाल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मंगलवार देर शाम Special Task Force Haryana की टीम संदिग्ध बदमाशों को पकड़ने के लिए इलाके में पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस टीम को सामने देखते ही एक बदमाश ने बिना देर किए फायरिंग शुरू कर दी। हालात इतने अचानक बने कि एक गोली ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल के बिल्कुल करीब से गुजर गई। इसके बाद एसटीएफ ने संभलते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चली गोली बदमाशों के पैरों में लगी। 

फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया

डीएसपी अमन कुमार के अनुसार, 27 फरवरी को सोनीपत स्थित पहल न्यूट्रिशन शोरूम के बाहर आरोपियों ने गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद उन्होंने दहशत फैलाने के मकसद से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके पश्चात भी दोनों ने दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को Special Task Force Haryana इंचार्ज दीपेंद्र राणा की टीम को सूचना मिली कि दोनों शूटर करनाल में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और घेराबंदी की। पुलिस को करीब आता देख आरोपियों ने बचने के लिए टीम पर सीधा फायर झोंक दिया, जिसके बाद हालात मुठभेड़ में बदल गए।

क्रॉस फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी

डीएसपी अमन कुमार ने जानकारी दी कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। उन्हें तुरंत काबू कर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली हड्डी के बेहद करीब लगी है और पूरी तरह स्वस्थ होने में करीब दो माह का समय लग सकता है। डीएसपी के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों करनाल में किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार किए गए शूटर कपिल और आशीष सोनीपत जिले के दोदवा गांव के निवासी हैं।

शोरूम में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी को बहालगढ़ स्थित पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर तीन युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। दो युवक बाहर निगरानी में खड़े रहे, जबकि एक अंदर चला गया। अंदर पहुंचकर उसने रिसेप्शन पर बैठे रितेश गर्ग को जान से मारने की धमकी दी और फायर करने की कोशिश की, लेकिन हथियार से गोली नहीं चली। खतरा भांपते ही रितेश गर्ग तुरंत वहां से हटकर पीछे की ओर चले गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाहर आते ही कांच पर चलाई गोली: शोरूम से बाहर निकलते ही दूसरे आरोपी ने दुकान के शीशे को निशाना बनाकर फायर कर दिया, जिससे कांच चकनाचूर हो गया। वारदात के तुरंत बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही DCP क्राइम विपिन कादियान, ACP विजिलेंस अजय धनखड़, CIA इंस्पेक्टर सहित स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से एक खाली खोल बरामद हुआ।

फायरिंग के बाद वीडियो कर किया दावा

पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर हुई फायरिंग के बाद आरोपियों का एक वीडियो सामने आया। इसमें वे हथियार दिखाते हुए घटना की जिम्मेदारी लेते नजर आए। वीडियो में उन्होंने कहा कि इस वारदात को आशीष मलिक और कपिल कोबरा ने अंजाम दिया हे।जिसमें वे पिस्टल दिखाते हुए कह रहे हैं कि यह फायरिंग आशीष मलिक और कपिल कोबरा ने की है।   

‘अभी तो सिर्फ चेतावनी है’ लॉरेंस बड़ा भाई, कहकर दी धमकी

पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर फायरिंग की घटना के बाद आरोपियों का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में वे हथियार दिखाते हुए वारदात की जिम्मेदारी लेते नजर आए और दावा किया कि गोलीबारी आशीष मलिक और कपिल कोबरा ने की है। वीडियो में उन्होंने एक आपराधिक गिरोह से जुड़े होने का भी जिक्र किया और शोरूम संचालक पर फिरौती देने का आरोप लगाते हुए भविष्य में और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×