हरियाणा में पानीपत जिले के समालखा के एक उद्योगपति के मोबाइल फोन पर 25 लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना उस वक्त की है जब उद्योगपति अपनी फैक्टरी में बैठे हुए थे तभी अज्ञात नंबर पर कॉल आई। उद्योगपति परिजनों के साथ शाम के समय थाना प्रभारी से मिला और घटना के बारे में अवगत करवाकर लिखित शिकायत पुलिस को देने व सुरक्षा की मांग की।
2 महीने पहले एक हलवाई से भी रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था
शहर के उद्योगपति संदीप बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर उसके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि वह रॉयल बिश्नोई गिरोह से बोल रहा है। उसने फोन पर 25 लाख की रंगदारी मांगी और 2 दिन का समय दिया। इसकी उद्योगपति ने रिकॉर्डिंग भी की है। समालखा थाना प्रभारी गुलशन रावल ने बताया कि संदीप बंसल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। साथ ही पीड़ित को सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी। समालखा में करीब 2 महीने पहले शहर के एक हलवाई से भी रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था।
मेरे पास जहर खाने तक के पैसे नहीं
वहीं डर और बेबसी में व्यवसायी ने कहा, "मेरे पास जहर खाने तक के पैसे नहीं हैं"। पीड़ित व्यवसायी ने समालखा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सुरक्षा की मांग की है। थाना पुलिस को दी शिकायत में संदीप बंसल ने बताया कि शुक्रवार, 6 मार्च की सुबह 10:35 पर उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को रॉयल बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और उनसे 25 लाख रुपए फिरौती की मांग की और धमकी देते हुए कहा कि तेरे पास दो दिन का समय है। व्यवसायी ने पुलिस को फिरौती मांग की कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने व्यवसायी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बातचीत के मुख्य अंश
बदमाश - संदीप बंसल बोल रहा है भाई,
संदीप - हांजी बोलो,
बदमाश - मैं बोल रहा हूं रॉयल बिश्नोई की गैंग से,
संदीप - हांजी बोलो,
बदमाश - 25 लाख की फिरौती है भाई,
संदीप - समझा नहीं आपकी बात,
बदमाश - 25 लाख की फिरौती मांग रहा हूं,
संदीप - मेरे पास फिरौती देने के पैसे नहीं, मेरे पास खाने के पैसे नहीं है।
बदमाश - मैंने 1 महीने से तेरे पीछे लड़के छोड़े हुए हैं,
संदीप - बेशक 1 साल छोड़ ले भाई, मेरे पास तो जहर खाने के भी पैसे नहीं है।
बदमाश - तेरे पास दो दिन का वक्त है