धर्म नगरी कुरुक्षेत्र की पावन भूमि एक बार फिर ऐतिहासिक आध्यात्मिक ऊर्जा की साक्षी बनने जा रही है। गीता परिवार के गौरवशाली 40 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गीता परिवार द्वारा धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में 27 से 29 मार्च 2026 तक "सहस्त्र गीता कंठनाद" का एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में गीता मनीषी महामंडलेश्वर ज्ञानानंद महाराज का पावन आगमन होगा। वहीं स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने उत्तरांचल प्रभारी गीता परिवार व कॉलेज की चेयरपर्सन मीनाक्षी गुप्ता को सहस्त्र गीता कंठनाद आध्यात्मिक कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने का आशीर्वाद दिया। उनके आगमन से यह आध्यात्मिक आयोजन भव्य, प्रेरणादायी बनने जा रहा है।
गीता साधक एक साथ मिलकर श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का सामूहिक उच्चारण करेंगे
सहस्त्र कंठो से गूंजेगी गीता के श्लोकों की दिव्य ध्वनि वहीं कॉलेज की चेयरपर्सन व उत्तरांचल प्रभारी गीता परिवार मीनाक्षी गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम मे एक हजार से भी अधिक गीता वृत्ति, गीता साधक एक साथ मिलकर श्रीमद्भगवद्गीता के पवित्र श्लोकों का सामूहिक उच्चारण करेंगे। जब सहस्त्र कंठो से गीता के श्लोकों की दिव्य ध्वनि गूंजेगी,तो पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठेगा। इस पावन आयोजन का उद्देश्य गीता के अमूल्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विशेष रूप से युवाओं को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है।
एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बनेगी
स्वामी ज्ञानानंद महाराज अपनी प्रेरणादायी उपस्थिति से जनसमूह को गीता संदेश और आध्यात्मिक जीवन पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे जो समाज में सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को मजबूत करेगा। गीता परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे इस गौरवशाली और ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बने। इस दिव्य आयोजन में योगगुरु बाबा रामदेव की गरिमामयी उपस्थिति सभी के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बनेगी।
स्वामी गोविन्ददेव गिरि महाराज, योगऋषि स्वामी रामदेव और मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे शिरकत
उल्लेखनीय है कि इस पावन अवसर पर 1,000 (एक सहस्त्र) से अधिक गीता साधक सामूहिक रूप से संपूर्ण श्रीमद्भगवद्गीता का कंठस्थ पाठ और गान करेंगे। इसमें 11 देशों के 22 राज्यों से गीता साधक हिस्सा लेने कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में स्वामी गोविन्ददेव गिरि महाराज, योगऋषि स्वामी रामदेव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शामिल होने की भी संभावना है। यह आयोजन 'राष्ट्र जागरण महायज्ञ' के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गीता के ज्ञान को जन-जन तक पहुँचाना है। गीता पाठ के साथ-साथ गीता विवेचन, आध्यात्मिक प्रेरणा सत्र और वैदिक उच्चारणों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी।