loader
The Haryana Story | 17 लाख की साड़ियों की चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कम उम्र से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय, 60 मामलों में मोस्ट वांटेड

17 लाख की साड़ियों की चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कम उम्र से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय, 60 मामलों में मोस्ट वांटेड

आरोपी कम उम्र से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है और 52 वर्ष की उम्र में भी लगातार वारदातों को दे रहा था अंजाम

करनाल पुलिस की सीआईए-थ्री शाखा ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी करीब 60 आपराधिक मामलों में संलिप्त है, जिनमें हत्या, चोरी और स्नेचिंग जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी ने हाल ही में करनाल की नेताजी सुभाष मार्केट स्थित एक साड़ियों की दुकान से लगभग 17 लाख रुपये की साड़ियों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

वारदात में इस्तेमाल की गई कार की बरामदगी अभी बाकी

डीएसपी राजीव कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि 2-3 मार्च की रात को हुई इस बड़ी चोरी की जांच पुलिस कप्तान द्वारा सीआईए-थ्री को सौंपी गई थी। जांच के दौरान टीम ने अर्जुन शर्मा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई कार की बरामदगी अभी बाकी है।

कम उम्र से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय

डीएसपी के अनुसार आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब 60 मामले दर्ज हैं। इनमें मुख्य रूप से चोरी, वाहन चोरी, स्नेचिंग और एक हत्या का मामला भी शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपी कम उम्र से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है और 52 वर्ष की उम्र में भी लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। 

वारदात से पहले इलाके की करता था रेकी

जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी करने के बाद तुरंत क्षेत्र बदल देता था और दूसरे शहर या राज्य में जाकर वारदात को अंजाम देता था। हालिया मामले में भी वह चोरी की साड़ियां अंबाला ले गया, जहां उसने एक किराए की दुकान लेकर चोरी का सामान रखा था। इसके बाद वह पंजाब चला गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था और अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे वारदात में इस्तेमाल कार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से अन्य वारदातों के खुलासे की भी उम्मीद जताई जा रही है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×