जिले में अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। इस दौरान घरौंडा और कोहंड क्षेत्र में कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया, जबकि विकसित की जा रही कॉलोनियों की कच्ची सड़कों को भी उखाड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
अभियान का नेतृत्व डीटीपी अधिकारी गुंजन वर्मा ने किया। विभागीय टीम सबसे पहले कोहंड क्षेत्र में जीटी रोड स्थित शहीद गुलाब सिंह पेट्रोल पंप के पीछे पहुंची, जहां एक अवैध रूप से संचालित ब्लीच हाउस का निर्माण पाया गया। जांच के बाद इसे नियमों के विरुद्ध मानते हुए जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद टीम घरौंडा के पनौड़ी रोड पर पहुंची, जहां विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को निशाना बनाया गया। यहां बने एक मकान को गिराने के साथ-साथ कॉलोनी के भीतर बनाई गई कच्ची सड़कों को भी तोड़ दिया गया, ताकि आगे किसी प्रकार का निर्माण कार्य न हो सके।
कार्रवाई के तहत बस्ताड़ा रोड पर विकसित हो रही दो अलग-अलग अवैध कॉलोनियों पर भी बुलडोजर चलाया गया। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार ये अलग-अलग परियोजनाएं थीं। यहां भी सड़कों को उखाड़कर कॉलोनियों के विकास कार्यों को पूरी तरह रोक दिया गया। डीटीपी अधिकारी गुंजन वर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को कुल दो अवैध निर्माणों और तीन कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि विभाग की टीम इससे पहले डिंगर माजरा रोड, हसनपुर रोड, बस्ताड़ा रोड, कैमला रोड, पनौड़ी रोड और अऱाईपुरा रोड सहित कई क्षेत्रों में इसी प्रकार की कार्रवाई कर चुकी है। आने वाले समय में भी यह अभियान जारी रहेगा। डीटीपी विभाग ने आमजन से अपील की है कि बिना जांच-पड़ताल के किसी भी कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें। कई बार कॉलोनाइजर लोगों को गुमराह कर कॉलोनियों को अप्रूव्ड बताकर प्लॉट बेच देते हैं, जिससे खरीदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। विभाग ने निवेश से पहले संपत्ति की वैधता की पुष्टि करने की सलाह दी है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन में भी जागरूकता बढ़ी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के विरुद्ध किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
related
जमीनी विवाद के चलते खूनी झड़प : कई राउंड फायरिंग, 2 की मौत, दर्जनों लोग घायल
धर्मनगरी में 'सहस्त्र कंठों से गूंजेगी गीता के श्लोकों की दिव्य ध्वनि, 27 से 29 मार्च सहस्त्र गीता कंठनाद का भव्य आयोजन