हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विपुल गोयल ने ग्रीन पानीपत मिशन के तहत शुक्रवार को औद्योगिक सेक्टर-29 पार्ट-2 में पौधारोपण कर अभियान को नई गति प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, निगम प्रशासन और विभिन्न सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें सभी वर्गों की भागीदारी अनिवार्य है।
16 महीनों में पानीपत के विकास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च किए
उन्होंने औद्योगिक घरानों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी आय का कम से कम 2 प्रतिशत हिस्सा पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों पर खर्च करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि उद्योगों के सहयोग से यह अभियान और अधिक प्रभावी बन सकता है। मंत्री ने बताया कि पिछले 16 महीनों में पानीपत के विकास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। मंत्री ने सामाजिक संस्थाओं और निगम प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने से ही इस अभियान को जल्द सफलता मिलेगी।
संरक्षण और पोषण पर लगातार ध्यान देना आवश्यक
मंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि इसके संरक्षण और पोषण पर लगातार ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि लगाए गए पौधों की कम से कम तीन वर्षों तक नियमित देखभाल की जाए, ताकि वे पूर्ण विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि यदि हम आज पौधों की देखभाल करेंगे तो आने वाली पीढिय़ों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और पूरा पानीपत स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त शहर के रूप में विकसित होगा। उन्होंने सफाई अभियान की सफलता का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि ग्रीन पानीपत मिशन भी उसी तरह सफल होगा। छोटे-छोटे पार्कों को विकसित कर उन्हें मिनी वन का रूप देने की भी बात कही, जिससे शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार हो सके।
फरीदाबाद में एक करोड़ पौधे उगाने का लक्ष्य रखा गया
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियान समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वयं लें। सरकारी नौकरियों के विषय में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में पारदर्शिता के साथ मेरिट के आधार पर नियुक्तियां की जा रही हैं और अब तक 1 लाख 75 हजार युवाओं को रोजगार देकर सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि फरीदाबाद में एक करोड़ पौधे उगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर कार्य किया जाएगा।
फ्लाईओवर निर्माण कार्य भी प्रगति पर
शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पानीपत के सभी 26 वार्डों में लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इसके अलावा फायर स्टेशन, इंडोर स्टेडियम, कामकाजी महिला हॉस्टल और वृद्ध आश्रम जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य जारी है। असंध पुल और जाटल पुल पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जाएगा।
ग्रीन पानीपत मिशन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जन आंदोलन
मेयर कोमल सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रीन पानीपत मिशन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों ने जिस उत्साह और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को अपनाया है, वह सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पिछली बार लगाए गए 65 हजार पौधों में से अधिकांश आज भी जीवित हैं, जो यह दर्शाता है कि नागरिकों ने केवल पौधे लगाए ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल भी पूरी जिम्मेदारी के साथ की। मेयर ने आगे कहा कि नगर निगम भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार आगे बढ़ाएगा और प्रत्येक वार्ड में हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को इस अभियान से जोडऩा बेहद जरूरी है, ताकि उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके और वे भविष्य में भी इस जिम्मेदारी को निभाएं।
ग्रीन पानीपत मिशन शहर के लिए एक ऐतिहासिक पहल साबित हो रहा
जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि ग्रीन पानीपत मिशन शहर के लिए एक ऐतिहासिक पहल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि समाज में एक सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों में प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करें और उनकी देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझें।
व्यापक स्तर पर तैयारी
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा ने कहा कि यह अभियान देश को मजबूती देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे प्रयासों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और लोग प्रकृति के महत्व को समझते हैं। निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले ग्रीन पानीपत अभियान के तहत लगाए गए 65 हजार पौधों में से लगभग 70 प्रतिशत सफलतापूर्वक विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार 3 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसे पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।
संगठनों के सहयोग से यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा
ग्रीन पानीपत मिशन के संयोजक संदीप जिंदल ने कहा कि सभी नागरिक, पानीपत को हरियाली के क्षेत्र में एक मॉडल शहर बनाने को लेकर प्रयासरत है। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया के पुत्र चांद भाटिया ने कहा कि इस अभियान ने लोगों को एक नई दिशा और सोच दी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे पानीपत को विशेष लाभ मिल रहा है।
उपस्थित रहे
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, ग्रीन मिशन संयोजक संदीप जिंदल, डीएसपी सुरेश सैनी, महेश थिरैजा, रामनिवास गुप्ता, सतीश गोयल, रंजीता कौशिक, रोकी मित्तल, विरेंद्र सिंगला, हरिओम तायल, पार्षद अशोक कटारिया, नवल जिंदल, कंवर रविंदर, काकू बंसल, सुरेश कालरा, सुमित मित्तल, जगदीश धमीजा, अमित गुप्ता, तुषार चावला, भारत बांगा, विकास चचड़ा, सुरेश तायल, किरण मलिक, कमल अरोड़ा, प्रिंसिपल रविंदर, साहब रंगा, हेमा रमन सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विदित रहे कि ग्रीन पानीपत मिशन का पानीपत को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह अभियान अब सार्थक रूप लेता नजर आ रहा है। जनभागीदारी और प्रशासनिक सहयोग के चलते ग्रीन पानीपत मिशन निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
related
मुख्यमंत्री से रूस के राजदूत ने की मुलाकात : आईटी, ऑटोमोबाइल, एग्रो-प्रोसेंसिंग और तकनीकी सहयोग पर दिया जोर
Revenue Department की सेवाओं को डिजिटल और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम, Bhu-Mitra Chatbox की शुरुआत
हरियाणा पुलिस के 'कम्युनिटी पुलिसिंग' को सशक्त बनाने प्रयास राष्ट्रीय स्तर पर बने मिसाल
Latest stories
संसद में गूंजी सिरसा क्षेत्र में बढ़ते कैंसर मामलों की आवाज, सिरसा में सुपर स्पेशलिटी कैंसर अस्पताल खोलने की मांग
'रकम नहीं दी गोलियों से भून देंगे' भाजपा पार्षद सहित तीन कारोबारियों को रंगदारी की धमकी भरी कॉल
पानीपत में नई रेनो डस्टर का भव्य लॉन्च, विधायक विज बोले-मजबूती और लग्ज़री का अनूठा संगम, पढ़ें विस्तृत ख़बर