करनाल के इन्द्री क्षेत्र के गांव समौरा से जुड़े एक युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में गोली लगने से मौत हो जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान चेतक शर्मा उर्फ लाखा के रूप में हुई है, जो करीब दो साल पहले रोज़गार के लिए विदेश गया था। बताया जा रहा है कि वह वहां एक स्टोर में काम कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। परिवार ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि मृतक का शव जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था करवाई जाए।
रोजगार की तलाश में विदेश गया युवक बना परिवार का सहारा
इन्द्री क्षेत्र के गांव समौरा का रहने वाला चेतक शर्मा उर्फ लाखा वर्ष 2023 में अपने बेहतर भविष्य के सपनों को लेकर घर से निकला था। वर्ष 2024 में उसने कठिन और जोखिम भरे रास्तों से होते हुए करीब सात महीने का लंबा सफर तय कर अमेरिका पहुंचा। इस दौरान उसे कई परेशानियों और विपरीत हालातों का सामना करना पड़ा। विदेश पहुंचने के बाद भी शुरुआत उसके लिए चुनौतीपूर्ण रही और नौकरी पाने के लिए उसे काफी संघर्ष करना पड़ा। लेकिन मेहनत और लगातार प्रयासों के चलते उसे जॉर्जिया में एक स्टोर पर काम मिल गया। वहीं से वह अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए उनकी उम्मीदों को पूरा करने में जुटा हुआ था।
मिलनसार स्वभाव के कारण सबका चहेता था युवक
चेतक शर्मा अपने सरल और सहयोगी स्वभाव के लिए जाना जाता था। गांव में हो या विदेश में, वह हर किसी के साथ अपनापन रखता था और जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद के लिए आगे आता था। अमेरिका में भी वह कई भारतीयों के लिए सहारा बना, खासकर जब वे किसी परेशानी में होते थे। गांव में रहने के दौरान भी उसका व्यवहार ऐसा ही था, जिसके चलते वह सभी के बीच लोकप्रिय था। उसने अपनी स्कूली शिक्षा दरड़ गांव के नजदीक स्थित एक स्कूल से 12वीं कक्षा तक पूरी की थी।
विदेश भेजने में लाखों खर्च, बेटे की मौत की खबर से टूटा परिवार
मृतक के पिता रिशाल सिंह ने बताया कि बेटे चेतक को विदेश भेजने के लिए परिवार ने बड़ी रकम खर्च की थी। कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद वह अमेरिका पहुंचा और वहां एक स्टोर में काम कर रहा था। 27 मार्च की देर रात परिजनों को उसके साथ रहने वाले युवक का फोन आया, जिसने घटना की जानकारी दी। अचानक मिली इस खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। **** घटना से पहले परिवार से हुई थी आखिरी बातचीत परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसे से कुछ घंटे पहले ही चेतक की घरवालों से बातचीत हुई थी। घर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉल के जरिए उसने परिवार से बात की थी। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी।
कमरे के अंदर हुई वारदात, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पर उसके रहने के स्थान पर ही हमला हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की तह तक पहुंचने के लिए उसके साथ रहने वाले व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
गांव में पसरा शोक, सरकार से मदद की मांग
बताया जा रहा है कि चेतक के साथ गांव का एक अन्य युवक भी रहता था, जो कुछ दिन पहले ही भारत लौट आया था। घटना के बाद गांव समौरा में गहरा दुख का माहौल है। परिजनों के घर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। परिवार प्रशासन से लगातार संपर्क में है और बेटे का शव भारत लाने के लिए सहायता की मांग कर रहा है।
related
अमेरिका में करनाल के युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में पसरा मातम, परिवार ने शव भारत लाने की लगाई गुहार
'रकम नहीं दी गोलियों से भून देंगे' भाजपा पार्षद सहित तीन कारोबारियों को रंगदारी की धमकी भरी कॉल