loader
The Haryana Story | सफेद कोट के पीछे 'सिस्टम' का खौफनाक चेहरा : गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप, ANM का डंडा चलाते वीडियो वायरल

सफेद कोट के पीछे 'सिस्टम' का खौफनाक चेहरा : गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप, ANM का डंडा चलाते वीडियो वायरल

घरौंडा स्वास्थ्य केंद्र में बवाल, एक महिला स्वास्थ्य कर्मी (ANM) द्वारा एक गर्भवती महिला और उसके परिजनों के साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी का मामला आया सामने

प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा स्थित सरकारी अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल में अपना 'हेल्थ कार्ड' (ग्रीन कार्ड) बनवाने आई एक गर्भवती महिला और उसके परिवार के साथ ड्यूटी पर मौजूद महिला स्वास्थ्य कर्मी (ANM) द्वारा अभद्र व्यवहार और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। जी हां, घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक बार फिर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला है। ताजा घटनाक्रम में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी (ANM) द्वारा एक गर्भवती महिला और उसके परिजनों के साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बहस बढ़ने पर ANM ने डंडा उठा लिया

पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से हेल्थ कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रहे थे। जब उन्होंने कार्ड बनाने के लिए कहा, तो ANM ने कथित तौर पर उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, बहस बढ़ने पर ANM ने डंडा उठा लिया और गर्भवती महिला के साथ हाथापाई की। बीच-बचाव करने आए महिला के देवर को भी थप्पड़ मारने और धक्का देने का आरोप है। वीडियो वायरल: घटना के दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जिसमें ANM तैश में आकर डंडा चलाते और बहस करती दिख रही है। परिजनों का दावा है कि वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल छीनने की भी कोशिश की गई। 

ANM का पक्ष : अपनी सुरक्षा के लिए डंडा उठाया था, किसी को मारा नहीं

वहीं दूसरी ओर, आरोपित एएनएम ममता रानी ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि मरीज के परिजनों ने उनके साथ बदतमीजी की और हाथपाई की शुरुआत की। उन्हें डराने के लिए किसी नेता (हरविंदर कल्याण) के नाम की धमकियां दी गईं। उन्होंने केवल अपनी सुरक्षा के लिए डंडा उठाया था, किसी को मारा नहीं।

वीडियो को वेरिफाई किया जा रहा

वहीं घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल प्रशासन और पुलिस दोनों ही इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। घरौंडा थाना के एसएचओ इंद्र कुमार के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और वीडियो को वेरिफाई किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मुनेश गोयल ने मामले की जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि घरौंडा CHC पहले भी विवादों में रहा है, जहां मार्च 2026 में पुलिस और डॉक्टर के बीच हुए विवाद के बाद जिले भर के डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी थी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×