loader
The Haryana Story | "मेरी मां का ख्याल रखना..." आखिरी MSG भेजकर RMS कर्मी ने पत्नी और 3 साल की बेटी संग दुनिया को कहा अलविदा

"मेरी मां का ख्याल रखना..." आखिरी MSG भेजकर RMS कर्मी ने पत्नी और 3 साल की बेटी संग दुनिया को कहा अलविदा

बेटी के तीसरे जन्मदिन पर पूरे परिवार का दुखद अंत, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

कुरुक्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी से एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई है। जानकरी अनुसार, मृतकों में जतिंद्र कुमार (30), उनकी पत्नी मंजू (28) और उनकी 3 साल की बेटी शामिल हैं। इस घटना के पीछे का कारण बच्ची की लंबे समय से चल रही गंभीर बीमारी और उससे उत्पन्न मानसिक तनाव बताया जा रहा है। जतिंद्र अंबाला में रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत थे। यह घटना उस दिन हुई जब उनकी बेटी का तीसरा जन्मदिन था। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है और मामले की जांच जारी है।

अद्विका का तीसरा जन्मदिन भी था

जानकरी मुताबिक रेलवे डाक सेवा (RMS) में कार्यरत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 3 साल की मासूम बेटी के साथ कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान जतिंद्र कुमार (30), उनकी पत्नी मंजू (28) और उनकी 3 साल की बेटी अद्विका के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, परिवार अपनी बेटी की गंभीर बीमारी (पैरालिसिस) के कारण लंबे समय से मानसिक और वित्तीय तनाव में था। अद्विका जन्म से ही इस बीमारी से जूझ रही थी। अत्यंत दुखद बात यह है कि कल ही के दिन (20 अप्रैल) अद्विका का तीसरा जन्मदिन भी था।

एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ

जतिंद्र ने इस आत्मघाती कदम को उठाने से पहले सुबह करीब 5:30 बजे अपने जीजा को एक "शेड्यूल्ड मैसेज" भेजा था, जिसमें उन्होंने अपनी मां का ख्याल रखने की बात लिखी और कमरे की चाबी की लोकेशन भी साझा की। कृष्णा गेट पुलिस स्टेशन के SHO बलजीत सिंह और DSP सुनील कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को वहां से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कुरुक्षेत्र के LNJP नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। 

अब परिवार में अकेली बची उनकी बूढ़ी मां

जतिंद्र अंबाला में रेलवे विभाग में कार्यरत थे। उनके पिता महेंद्र सिंह (रिटायर्ड पुलिस अधिकारी) का करीब छह महीने पहले निधन हो चुका है। अब परिवार में उनकी बूढ़ी मां बिमला देवी अकेली बची हैं, जबकि उनका एक छोटा भाई प्रतीक कनाडा में रहता है। इस दुखद घटना से पूरे कुरुक्षेत्र इलाके में शोक की लहर है। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×