loader
The Haryana Story | कथा में 'कलेश : पं. प्रदीप मिश्रा की कथा में वीआईपी पास की बंदरबांट पर भड़के श्रद्धालु, चले लाठी-डंडे, 6 लाख की लूट का आरोप

कथा में 'कलेश : पं. प्रदीप मिश्रा की कथा में वीआईपी पास की बंदरबांट पर भड़के श्रद्धालु, चले लाठी-डंडे, 6 लाख की लूट का आरोप

करनाल में शिवमहापुराण कथा के दौरान भारी हंगामा, आयोजकों ने लगाया लूट का आरोप, दूसरे पक्ष ने बताया ड्रामा

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा की नई अनाज मंडी में चल रही प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कथा के दान कार्यालय में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में कार्यालय में रखी संपत्तियों में तोड़फोड़ की गई। आयोजकों ने अज्ञात हमलावरों पर दान पात्र और कार्यालय से 6 लाख 11 हजार रुपये की नकदी लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

वीआईपी एंट्री पास को लेकर भड़का विवाद

कथा के दौरान हुए इस हंगामे की मुख्य वजह वीआईपी एंट्री पास को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का आरोप है कि कथा के मुख्य आयोजक वीआईपी पास के वितरण में भारी भाई-भतीजावाद और बंदरबांट कर रहे हैं। रसूखदार लोगों को ही आगे की सीटों के पास दिए जा रहे हैं, जिससे आम श्रद्धालुओं में भारी रोष और असंतोष का माहौल बना हुआ था। इसी बात को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।

लूट के आरोपों को दूसरे पक्ष ने बताया झूठा

एक तरफ जहां कथा के आयोजन मंडल और पदाधिकारियों का दावा है कि हुड़दंगियों ने दान कार्यालय में घुसकर ₹6.11 लाख की नकदी लूट ली, वहीं दूसरे पक्ष ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस थाने पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि आयोजक अपनी कमियों और वीआईपी पास के विवाद को छुपाने के लिए लूट का झूठा ड्रामा रच रहे हैं। तोड़फोड़ की बात तो सामने आई है, लेकिन लूटपाट का आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के तुरंत बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस को दान कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिल गई है, जिसमें साफ तौर पर लोग लाठियां भांजते और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस फुटेज के जरिए हुड़दंग मचाने वाले और मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

थाना प्रभारी का बयान

इस पूरे मामले पर घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें एक पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत प्राप्त हो चुकी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×