loader
The Haryana Story | पंजाब के रूपनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: मोरिंडा में दूध लेने निकली 8 साल की बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला

पंजाब के रूपनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: मोरिंडा में दूध लेने निकली 8 साल की बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला

यह पूरी हृदय विदारक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में भारी रोष और तनाव का माहौल

प्रतीकात्मक तस्वीर

पंजाब के रूपनगर जिले के मोरिंडा से एक बेहद दर्दनाक और रूह कांपने वाली घटना सामने आई है। मोरिंडा के वार्ड नंबर 1 में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे आधा दर्जन खूंखार आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 8 साल की मासूम बच्ची हरजीत कौर को जिंदा नोच-नोचकर मौत के घाट उतार दिया। यह पूरी हृदय विदारक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में भारी रोष और तनाव का माहौल है।

दूध खरीदने बाजार निकली थी मासूम

मृतक बच्ची का परिवार मूल रूप से एक प्रवासी परिवार है जो पिछले 4 वर्षों से मोरिंडा शहर में रह रहा था. बुधवार दोपहर करीब 3 बजे भीषण गर्मी के कारण सड़कों और गलियों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ था. इसी दौरान मासूम बच्ची अपने घर से पास के ही बाजार में दूध खरीदने के लिए निकली थी. उसे अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दूरी पर मौत उसका इंतजार कर रही है।

जान बचाने के लिए घर की तरफ भागी, कुत्तों ने घेर कर पटका

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सुनसान रास्ते पर जाते समय बच्ची की नजर सामने खड़े कुत्तों पर पड़ी. कुत्तों को देखकर वह बुरी तरह घबरा गई और अपनी जान बचाने के लिए वापस अपने घर की ओर तेजी से भागी. लेकिन करीब 5 से 6 खूंखार आवारा कुत्तों के झुंड ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. कुत्तों ने फुर्ती से दौड़कर बच्ची को पीछे से दबोच लिया और एक कुत्ते ने झपट्टा मारकर उसे बेरहमी से जमीन पर गिरा दिया। 

घसीटते हुए कार के पास ले जाकर नोचते रहे कुत्ते, लहूलुहान हालत में पीजीआई रेफर

जमीन पर गिरते ही सभी कुत्तों ने मासूम को चारों तरफ से घेर लिया और उसे बेरहमी से नोचना शुरू कर दिया। बच्ची दर्द से तड़पते हुए लगातार 'बचाओ-बचाओ' चिल्लाती रही और मदद के लिए गुहार लगाती रही. दोपहर की तेज धूप और सन्नाटा होने के कारण काफी देर तक उसकी आवाज किसी के कानों तक नहीं पहुंची और कुत्ते उसे घसीटते हुए कार के पास ले जाकर नोचते रहे।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रही एक स्थानीय महिला और अन्य लोगों की नजर जब लहूलुहान बच्ची पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत लाठियां लेकर कुत्तों को वहां से भगाया। लोग तुरंत बच्ची को उठाकर मोरिंडा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया. लेकिन घाव इतने गहरे थे कि पीजीआई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, मां हुई बेसुध

इस भयानक हादसे ने हंसते-खेलते गरीब परिवार की दुनिया को उजाड़ कर रख दिया है. मासूम बेटी की इस तरह दर्दनाक मौत की खबर सुनते ही मां सदमे में चली गई है और बार-बार बेसुध हो रही है। पिता और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें ढांढस बंधाने वाले स्थानीय लोगों की आंखें भी नम हैं।

प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

इस घटना के बाद मोरिंडा के निवासियों में स्थानीय प्रशासन और म्युनिसिपल कमेटी के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा था और उन्होंने इस संबंध में नगर कौंसिल व उच्च अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी थीं। इसके बावजूद प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

निवासियों का कहना है कि अगर अधिकारियों ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया होता, तो आज इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है. पुलिस और प्रशासन की टीमें अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की आगे की जांच में जुटी हुई हैं। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×