loader
The Haryana Story | महेंद्रगढ़ में NH-152D पर ट्रक से टकराई मनाली-जयपुर वॉल्वो बस, 16 यात्री घायल, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत

महेंद्रगढ़ में NH-152D पर ट्रक से टकराई मनाली-जयपुर वॉल्वो बस, 16 यात्री घायल, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत

मनाली से जयपुर लौट रही लग्जरी बस के उड़े परखच्चे, घायलों की स्थिति गंभीर, डीसी ने दिए निर्देश- 'घायलों के इलाज में न हो कोई लापरवाही'

महेंद्रगढ़ क्षेत्र में गुरुवार देर रात्रि मनाली से पर्यटकों को लेकर जयपुर जा रही एक लग्जरी वॉल्वो बस सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे में जहां 16 पर्यटकों के घायल होने की सूचना है, वहीं बस के चालक और कंडक्टर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

डीसी अनुपमा अंजली ने जाना घायलों का हाल

घटना की जानकारी मिलते ही महेंद्रगढ़ की डीसी अनुपमा अंजली तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने सभी घायल पर्यटकों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली। उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें हर संभव बेहतरीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

एसपी दीपक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

महेंद्रगढ़ के एसपी दीपक ने पुलिस टीम के साथ दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद वे भी नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात की। एसपी दीपक ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है और पुलिस हादसे की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

घायलों को त्वरित उपचार

बस में सवार सभी 16 घायल पर्यटकों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ पर्यटकों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका विशेष वार्ड में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×