loader
The Haryana Story | यमुना क्षेत्र में अवैध खनन का बड़ा खुलासा: खनन माफिया और डायल 112 की टीम में सांठगांठ, जिला परिषद सदस्य ने वीडियो बनाकर खोली पोल

यमुना क्षेत्र में अवैध खनन का बड़ा खुलासा: खनन माफिया और डायल 112 की टीम में सांठगांठ, जिला परिषद सदस्य ने वीडियो बनाकर खोली पोल

वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन और स्थानीय कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए

AI-Generated Images

यमुना नदी क्षेत्र में रेत के अवैध खनन और चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरौंडा क्षेत्र के गांव बरसत से जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार ने एक वीडियो बनाकर इस पूरे काले खेल का भंडाफोड़ किया है। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन और स्थानीय कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की मौजूदगी में रेत चोरी का खेल

जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार ने मामले को उजागर करते हुए कहा कि इलाके में सुरक्षा और आपातकालीन मदद के लिए तैनात डायल 112 की टीम की खनन माफिया के साथ सीधी सांठगांठ का आरोप है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुलिस कर्मचारियों और डायल 112 की गाड़ी की मौजूदगी में ही चोरी के रेत से भरी ट्रालियां धड़ल्ले से निकाली गईं। यमुना नदी से रोजाना बड़े स्तर पर रेत चोरी कर ले जाई जा रही है। ये वाहन पुलिस के ठीक सामने से गुजरते हैं, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर सब देखते रहते हैं और उन्हें पकड़ने की कोई जहमत नहीं उठाते।

सड़कों की बदहाली और ग्रामीणों का आक्रोश

अवैध खनन के कारण स्थानीय बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंच रहा है। क्षमता से अधिक ओवरलोड रेत की ट्रालियों और डंपरों के चलने से पूरे इलाके की प्रमुख और ग्रामीण सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं। जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार ने चेतावनी दी है कि प्रशासन की नाकामी के बाद अब वे खुद ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्रामीण सड़कों पर नाके लगाएंगे। इन नाकों के जरिए अवैध खनन और रेत चोरी में शामिल सभी वाहनों को जबरन रोका जाएगा। विनोद कुमार जिला परिषद सदस्य का कहना है कि "यमुना क्षेत्र में रोजाना सरेआम करोड़ों रुपये की रेत चोरी हो रही है। माफिया इतने बेखौफ हैं कि डायल 112 की टीम की मौजूदगी में अवैध ट्रालियां निकाली जा रही हैं।

गठजोड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

पुलिस और खनन माफिया का यह गठजोड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवैध कारोबार ने हमारे गांवों की सड़कों को गड्ढों में तब्दील कर दिया है। अगर पुलिस इन्हें नहीं रोकेगी, तो हम खुद सड़कों पर नाके लगाकर इन गाड़ियों को रोकेंगे और इस लूट को बंद करवाएंगे।" सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जनता की सुरक्षा और अपराध रोकने के लिए बनाई गई डायल 112 की गाड़ियां ही जब माफिया को संरक्षण देने लगेंगी, तो अवैध धंधों पर लगाम कैसे लगेगी? अब देखना यह होगा कि इस खुलासे के बाद उच्च पुलिस अधिकारी दोषी कर्मचारियों और खनन माफिया के खिलाफ क्या सख्त रुख अपनाते हैं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×