loader
The Haryana Story | कुरुक्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच लाइव एनकाउंटर: जर्मनी से डिपोर्ट होकर आया बदमाश विशाल गोली लगने से घायल, इम्पोर्टेड वेपन बरामद

कुरुक्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच लाइव एनकाउंटर: जर्मनी से डिपोर्ट होकर आया बदमाश विशाल गोली लगने से घायल, इम्पोर्टेड वेपन बरामद

कुरुक्षेत्र में आज सुबह पुलिस और कार लूट के शातिर बदमाशों के बीच पिहोवा के मुर्तजापुर गांव के पास लाइव एनकाउंटर हो गई

कुरुक्षेत्र में आज सुबह पुलिस और कार लूट के शातिर बदमाशों के बीच पिहोवा के मुर्तजापुर गांव के पास लाइव एनकाउंटर हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश की टांग में गोली लगी है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से दो आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।

मुर्तजापुर गांव के पास आमने-सामने की फायरिंग

कुरुक्षेत्र सीआईए-2 (CIA 2) की टीम को मुर्तजापुर गांव के पास इन बदमाशों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने इन्हें घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस की गाड़ी पर सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश की टांग में गोली लग गई।

जर्मनी से डिपोर्ट होकर आया है घायल बदमाश

मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त हो चुकी है। विशाल मुठभेड़ में लगी गोली के कारण यह बुरी तरह घायल हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह बदमाश करीब 12 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत वापस आया था और आते ही अपराध की वारदातों में संलिप्त हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दूसरे आरोपी लविश को बिना किसी चोट के मौके से दबोच लिया, जो अब पुलिस हिरासत में है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से विदेशी (इम्पोर्टेड) वेपन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल पुलिस टीम पर हमला करने के लिए किया गया था।

एलएनजेपी अस्पताल में इलाज जारी

घायल बदमाश विशाल को तुरंत कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी देते हुए अस्पताल के डॉक्टर उपेंद्र ने बताया कुरुक्षेत्र सीआईए-2 की टीम एक मरीज को लेकर आई है, जिसे गनशॉट इंजरी है। आरोपी की टांग में एक गोली लगी हुई है, जिसका डॉक्टरों की टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस की तफ्तीश तेज, अन्य आरोपियों की तलाश

इस मुठभेड़ और कार लूटकांड के मामले में फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, कुरुक्षेत्र पुलिस विशाल के आपराधिक रिकॉर्ड और जर्मनी से जुड़े नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गैंग में और कौन-कौन शामिल है तथा बरामद किए गए विदेशी हथियार कहाँ से सप्लाई किए गए थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×