loader
The Haryana Story | टोहाना में तेज़ रफ़्तार का कहर, खेत में पलटी 52 सीटर निजी बस, महिला समेत 3 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

टोहाना में तेज़ रफ़्तार का कहर, खेत में पलटी 52 सीटर निजी बस, महिला समेत 3 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

बस गांव अमानी और भोडी के बीच पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया

फतेहाबाद के टोहाना में सोमवार सुबह गांव अमानी और भोडी के बीचएक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार, विशाल टूर एंड ट्रेवल्स की यह निजी बस फतेहाबाद से टोहाना की तरफ आ रही थी। बस चालक शुरुआत से ही वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। जैसे ही बस गांव अमानी और भोडी के बीच पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। रफ्तार तेज होने के कारण बस सड़क से उतरकर सीधे साथ लगते खेत में जाकर पलट गई।

चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने बचाई जान

हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस कर्मचारी राजेश ने बताया कि हादसे में अब तक तीन लोगों (एक महिला और दो पुरुष) की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

अस्पताल में घायलों का इलाज, बराला पहुंचे

मौके पर सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने खुद खड़े रहकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।

चालक पर केस दर्ज, जांच शुरू

बस में सवार यात्री राममेहर निवासी गांव चंदड ने बताया कि ड्राइवर लगातार मना करने के बाद भी बस को तेज भगा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×