loader
The Haryana Story | राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: हरियाणा के फतेहाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मुकामधाम से माथा टेक कर लौट रहे थे वापस

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: हरियाणा के फतेहाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मुकामधाम से माथा टेक कर लौट रहे थे वापस

स्विफ्ट डिजायर कार और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, गाड़ी के उड़े परखच्चे; 2 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव के एक परिवार पर सोमवार दोपहर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल है। यह पूरा परिवार बीकानेर स्थित बिश्नोई समाज के पवित्र तीर्थ स्थल मुकाम धाम में गुरु जम्भेश्वर महाराज के समाधि स्थल पर मत्था टेक कर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से वापस फतेहाबाद लौट रहा था।

दर्शन कर लौट रहा था परिवार, हेमासर गांव के पास काल बना डंपर

मिली जानकारी के अनुसार, मताना गांव के निवासी और फतेहाबाद डीडीपीओ कार्यालय से महज 15 दिन पहले ही सेवानिवृत्त हुए सीनियर अकाउंटेंट ओमप्रकाश सुथार (50) रविवार को अपने परिवार के साथ मुकामधाम के लिए रवाना हुए थे। सोमवार सुबह धाम में सुख-समृद्धि की कामना के साथ दर्शन करने के बाद सभी लोग कार में सवार होकर घर वापसी कर रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही उनकी कार श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के हेमासर गांव के पास पहुंची, तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और सड़क पर टायरों के घिसटने के कई फीट लंबे गहरे निशान बन गए।

हादसे में इन्होंने गंवाई अपनी जान

हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि कार में सवार 7 लोगों में से 6 की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ओमप्रकाश सुथार (50) परिवार के मुखिया (सेवानिवृत्त सीनियर अकाउंटेंट), सोरमा देवी (45) ओमप्रकाश की पत्नी, प्रमिला (30) ओमप्रकाश की बेटी, रोनित (4) ओमप्रकाश का इकलौता पोता, यशवी (10) ओमप्रकाश की दोहती (नातिन), खुशी (8) ओमप्रकाश की दूसरी दोहती (नातिन)।

2 साल की मासूम बच्ची की हालत नाजुक, बीकानेर रेफर

इस दर्दनाक हादसे में ओमप्रकाश की एक और 2 वर्षीय दोहती (नातिन) तन्वी गंभीर रूप से घायल हो गई है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद सभी को गाड़ी के मलबे से बाहर निकाला। मासूम बच्ची को तुरंत इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

गाड़ी के उड़ गए परखच्चे, गांव मताना में छाया मातम

सड़क हादसे की यह खबर जैसे ही फतेहाबाद के गांव मताना पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर घर में चूल्हा तक नहीं जला। गांव के सरपंच दलबीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही ग्रामीणों का एक दल तुरंत राजस्थान के लिए रवाना कर दिया गया है। राजस्थान पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×