loader
The Haryana Story | दो राज्यों को दहलाने वाले 'दोहरे हत्याकांड' के आरोपी को पुलिस ने दबोचा,'चाचा' से था प्रॉपर्टी विवाद, लेकिन 'दोस्त' को भी गोलियों से क्यों भूना ?

दो राज्यों को दहलाने वाले 'दोहरे हत्याकांड' के आरोपी को पुलिस ने दबोचा,'चाचा' से था प्रॉपर्टी विवाद, लेकिन 'दोस्त' को भी गोलियों से क्यों भूना ?

प्रॉपर्टी विवाद में भतीजे ने की चाचा की हत्या, दोस्त को क्यों बनाया निशाना-जांच में जुटी पुलिस

हरियाणा के पानीपत और पंजाब के डेराबस्सी को दहला देने वाले एक सनसनीखेज डबल मर्डर केस में आरोपी साहिल मलिक को सोनीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते बुधवार शाम को पहले डेराबस्सी में अपने चाचा राहुल मलिक (45) की गोली मारकर हत्या की, और फिर उसके शव को कार में डालकर पानीपत लाया। वहां उसने अपने दोस्त अंकुश (28) को फोन करके बुलाया और उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने दोनों शवों को समालखा थाना क्षेत्र के बुढ़शाम गांव के पास दिल्ली-पैरलल नहर किनारे सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गया था। पुलिस ने इस पूरे सनसनीखेज घटनाक्रम का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को धर दबोचा है।

दफ्तर में घुसा और ग्राहकों के सामने चाचा को मारी गोली

यह खूनी खेल बुधवार शाम करीब 7 बजे पंजाब के डेराबस्सी (मोहाली) स्थित घोलूमाजरा की सिक्योरिटी एन्क्लेव में शुरू हुआ। राहुल मलिक अपने दफ्तर में तीन ग्राहकों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका भतीजा साहिल मलिक वहां पहुंचा। साहिल ने दफ्तर में घुसते ही ग्राहकों को बाहर जाने को कहा और डराने के लिए हवाई फायर किया। इसके बाद उसने प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने चाचा राहुल पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं।

साक्ष्य मिटाने के लिए उखाड़ा DVR, शव गाड़ी में डाल पानीपत रवाना

गोली मारने के बाद आरोपी साहिल ने सबूत मिटाने की नीयत से दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर उखाड़ लिया। इसके बाद वह खून से लथपथ चाचा राहुल को उन्हीं की सफारी गाड़ी में डालकर पानीपत की तरफ निकल पड़ा। रास्ते में अत्यधिक खून बहने के कारण राहुल मलिक की मौत हो गई।

पानीपत पहुंचकर दोस्त को जाल में फंसाया

पानीपत पहुंचने के बाद आरोपी साहिल मलिक ने रात करीब 9 बजे अपने दोस्त अंकुश निवासी सैनी कॉलोनी, हरिनगर को फोन किया। अंकुश उस समय समालखा में एक सीमेंट स्टोर पर अकाउंटेंट का काम खत्म कर अपने चाचा सुरजीत के साथ घर लौट रहा था। सेक्टर 13-17 के पास अंकुश को साहिल का फोन आया कि वह टोल प्लाजा या तय चौराहे पर मिलने आए। अंकुश अपने चाचा से यह कहकर गया कि 'साहिल का फोन आया है, मिलकर आता हूं'। साहिल ने अंकुश को भी गाड़ी में बैठाया और कुछ दूरी पर ले जाकर उसे भी गोली मार दी। अंकुश की महज 3 महीने पहले ही शादी हुई थी।

नहर किनारे सड़क पर फेंकी दोनों लाशें

दोनों हत्याओं को अंजाम देने के बाद साहिल मलिक ने चाचा राहुल और दोस्त अंकुश के शवों को समालखा के बुढ़शाम गांव के पास दिल्ली नहर बाईपास रोड पर सड़क किनारे फेंक दिया। रात करीब 10:15 बजे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने सड़क पर खून से लथपथ दो शवों को देखा और तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और सीआईए की टीमों ने मृतकों की शिनाख्त की।

हत्या के पीछे की वजह

शुरुआती जांच के मुताबिक, साहिल का अपने चाचा राहुल मलिक के साथ प्रॉपर्टी को लेकर पुराना गंभीर विवाद चल रहा था। आरोपी साहिल और मृतक दोस्त अंकुश पहले किसी मारपीट के मामले में एक साथ नामजद थे, जिसमें साहिल फरार चल रहा था। साहिल ने अंकुश की हत्या क्यों की, पुलिस इस रंजिश के सटीक कारणों की गहनता से पूछताछ कर रही है। 

सोनीपत पुलिस का चक्रव्यूह और आरोपी की गिरफ्तारी

वारदात के बाद पंजाब पुलिस ने गाड़ी के जीपीएस लोकेशन को ट्रैक करना शुरू किया और इनपुट्स हरियाणा पुलिस के साथ साझा किए। इस सूचना पर सोनीपत की स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और मुरथल थाना पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया। पुलिस ने भिगान टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी की और देर रात एक नाटकीय घटनाक्रम में भाग रहे आरोपी साहिल मलिक को दबोच लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल गाड़ी को भी बरामद कर लिया है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×