loader
The Haryana Story | पानीपत रिफाइनरी रोड पर पुलिस का बड़ा छापा, नकली पेट्रोल बनाने वाली फैक्ट्री सील, भारी मात्रा में इथेनॉल, केमिकल और पाउडर के साथ 4 गिरफ्तार

पानीपत रिफाइनरी रोड पर पुलिस का बड़ा छापा, नकली पेट्रोल बनाने वाली फैक्ट्री सील, भारी मात्रा में इथेनॉल, केमिकल और पाउडर के साथ 4 गिरफ्तार

रिफाइनरी रोड स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर तेल का अवैध गोरख धंधा करते पानीपत सीआईए-1 पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया

AI-Generated Images

रिफाइनरी रोड स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर तेल का अवैध गोरख धंधा करते पानीपत सीआईए-1 पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तेल से भरे टैंकर के साथ-साथ 25 ड्रमों में भरा इथेनॉल और पैट्रोल के अलावा 130 कट्टे सफेद पाउडर बरामद किया। सीआईए-1 पुलिस ने उक्त सामान को अपने कब्जे में लेकर सदर थाना में भिजवा दिया। सदर थाना पुलिस ने सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

असली पैट्रोल बताकर महंगे भाव में बेचकर भारी मात्रा में धन कमा रहा

सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को वह हेड कांस्टेबल राजू, अमित कुमार, सिपाही सुमित, कृष्ण, मोहित और संदीप के साथ गस्त पर थे और जीटी रोड़ पर रिफाइनरी पुल पर मौजूद थे। तभी किसी मुखबर ने सूचना दी की रिफाइनरी रोड़ पर एडीबी रिजोर्ट के पास बिजेंद्र वासी शेखपुरा घरौंडा जिला करनाल की फैक्ट्री बनी हुई है। जिसमें वह अपने साथियों के साथ मिलकर इस फैक्ट्री में रिफाइनरी से तेल भरकर आने वाले टैंकरों के ड्राइवरों के साथ मिलीभक्त कर टैंकरों से इथेनॉल और पैट्रोल चोरी करके निकाल रहा है। जो बाद में पैट्रोल में इथेनॉल मिलाकर बाहर असली पैट्रोल बताकर महंगे भाव में बेचकर भारी मात्रा में धन कमा रहा है। जो सरकार और आम लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है।

मच गई भगदड़

सूचना को सत्य मानते हुए सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने अपनी टीम के साथ एडीबी रिजोर्ट के पास बनी फैक्ट्री में छापा मारा तो फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे आदमियों में भगदड़ मच गई और पुलिस को देखकर 3-4 लोग भागने का प्रयास करने लगे। जिनमें से एक व्यक्ति भाग कर फैक्ट्री के अंदर खड़े टैंकर की ड्राइवर सीट पर बैठ गया और टैंकर को स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने टैंकर ड्राइवर को पकड़ लिया जिसने अपना नाम संदीप पुत्र मूरत सिंह वासी सोढ़ी थाना पिपली कुरुक्षेत्र बताया।

टैंकर ड्राइवर गाड़ी में से इथेनॉल निकाल कर फैक्ट्री मालिक को बेच रहा था। जब ड्राइवर से गाड़ी की बिल्टी के बारे में पूछा गया तो वह कोई कागज नहीं दिखा पाया। काबू किए गए अन्य 3 व्यक्तियों ने अपना नाम अक्षय कुमार पुत्र पत्रलाल वासी पौठा थाना ओबरा जिला औरंगाबाद, सुरेंद्र पासवान पुत्र अर्जुन पासवान वासी कालीगंज थाना ओबरा जिला औरंगाबाद, राजू कुमार पुत्र बिनोद रामजी वासी कंटहा थाना बारुल जिला औरंगाबाद बिहार बताया।

टैंकरों के ड्राइवरों को लालच देकर उनसे इथेनॉल और पैट्रोल खरीदते

तीनों ने गहनता से पूछताछ करने पर बताया कि हम फैक्ट्री मालिक बिजेंद्र के कहने पर रिफाइनरी से भरकर निकलने वाले टैंकरों के ड्राइवरों को लालच देकर उनसे इथेनॉल और पैट्रोल खरीदते हैं। जिन्हें ड्रमों में भरकर इथेनॉल और पैट्रोल को मिलाकर बाहर असली पैट्रोल कह कर ऊंचे दामों पर बेचते हैं। मामले की सूचना खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को दी गई। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फैक्ट्री में बरामद तेल और पाउडर की जांच की गई।

फैक्ट्री का लाइसेंस मांगा गया तो कोई भी कागजात नहीं दिखाया

जब फैक्ट्री में रखें ड्रमों में भरे तेल, इथेनॉल, कैमिकल के बारे में फैक्ट्री का लाइसेंस मांगा गया तो कोई भी कागजात नहीं दिखाया गया। पुलिस ने नकली पैट्रोल तैयार कर आम जनता के साथ धोखाधड़ी करके अवैध रूप से बेचने व अवैध कैमिकल व तेल रखने के जुर्म में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। सदर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुलशन कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले इसी फैक्ट्री में तारकोल का अवैध गोरख धंधा करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से भारी मात्रा में तारकोल और अन्य सामान बरामद किया गया था।

Join The Conversation Opens in a new tab
×