loader
The Haryana Story | रोहतक में अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद: बीकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र गिरफ्तार, विदेशी हैंडलर के इशारे पर करता था अवैध हथियारों की तस्करी

रोहतक में अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद: बीकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र गिरफ्तार, विदेशी हैंडलर के इशारे पर करता था अवैध हथियारों की तस्करी

मेड इन चाइना रिवॉल्वर और कारतूस जब्त, ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में पैसे हारने के बाद विदेशी हैंडलर के इशारे पर अवैध हथियारों की तस्करी करने लगा था

AI-Generated Images

हरियाणा के रोहतक जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में पैसे हारने के बाद बीकॉम का एक छात्र विदेशी हैंडलर के इशारे पर अवैध हथियारों की तस्करी करने लगा था। पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसमें यह खुलासा हुआ कि छात्र विदेशी हैंडलर के इशारे पर अवैध हथियारों की तस्करी करता था। महम सीआईए की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कॉलेज के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से विदेशी हथियारों सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है।

कन्हेली फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तारी

एसपी गौरव राजपुरोहित ने शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि महम सीआईए की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियारों की बड़ी खेप लेकर किसी को सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झज्जर रोड स्थित कन्हेली फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को धर दबोचा।

बैग से मिले विदेशी हथियार और कारतूस

पुलिस ने जब पकड़े गए युवक के पीठू बैग की तलाशी ली, तो उसमें मौजूद सामान को देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। बैग के अंदर से पुलिस को जो सामान बरामद हुआ, उसमें एक 'मेड इन चाइना' रिवॉल्वर, एक देसी पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस शामिल हैं।

आरोपी की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

पकड़े गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय कृत के रूप में हुई है, जो रोहतक की जनता कॉलोनी का रहने वाला है। वह बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी की मां एक सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि कॉलेज की पढ़ाई करने वाला यह छात्र इस अवैध धंधे में कैसे आया। पुलिस मुख्य रूप से दो बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है, यह 'मेड इन चाइना' रिवॉल्वर उसके पास कहां से आई? वह इस खेप को रोहतक में किसे सप्लाई करने जा रहा था?पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियारों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है।

'ऑनलाइन गेम खेलने की लत से चढ़ गया कर्ज

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी, जिसके चलते उस पर कर्ज चढ़ गया था। इसी दौरान विदेशी नंबर से संपर्क करने वाले एक हैंडलर ने उसका कर्ज उतारने का लालच दिया। बदले में उसे केवल निर्धारित स्थानों से हथियार उठाकर दूसरी जगह पहुंचाने का काम सौंपा गया। आरोपी को निर्देश दिए गए थे कि वह केवल हैंडलर से ही संपर्क रखे और किसी अन्य व्यक्ति से न मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब डेढ़ माह से इस नेटवर्क के लिए काम कर रहा था और इस दौरान 20 से अधिक हथियारों की डिलीवरी कर चुका था। इस बार वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मामले में विदेशी हैंडलर समेत नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×