loader
The Haryana Story | 'झाड़ू-पोछा करता, बर्तन मांजता, फिर भी पत्नी पीटती'....इंस्टाग्राम पर वीडियो डाल गारमेंट्स कारोबारी ने दुकान में लगाई फांसी

'झाड़ू-पोछा करता, बर्तन मांजता, फिर भी पत्नी पीटती'....इंस्टाग्राम पर वीडियो डाल गारमेंट्स कारोबारी ने दुकान में लगाई फांसी

मृतक ने करीब चार महीने पहले ही खोली थी कपड़ों की दुकान

हरियाणा के फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय गारमेंट्स कारोबारी ने अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जिसने करीब चार महीने पहले ही कपड़ों की दुकान खोली थी। आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले राहुल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद भावुक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत और वीडियो के आधार पर पत्नी ज्योति (उर्फ प्रीति), सास वीणा, ससुर बिट्टू और साली नीतू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साल पहले की थी लव मैरिज

परिजनों के अनुसार, राहुल ने करीब दो साल पहले ज्योति नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। राहुल के परिवार का आरोप है कि उसकी पत्नी ज्योति शादी के बाद से ही उसे अपने माता-पिता से अलग रहने के लिए मजबूर कर रही थी, जिसके कारण राहुल अपने माता-पिता से अलग रहने लगा था। वह राहुल को उसके माता-पिता से मिलने भी नहीं देती थी।

इंस्टाग्राम वीडियो में छलका दर्द: लगाए गंभीर आरोप

आत्महत्या करने से पहले राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपनी आपबीती सुनाई। राहुल ने वीडियो में रोते हुए आरोप लगाया कि वह घर के सारे काम जैसे झाड़ू लगाना, पोछा मारना और बर्तन धोना खुद करता था। इसके बावजूद उसकी पत्नी और ससुराल वाले (सास, ससुर और साली) उसे शारीरिक और मानसिक रूप से बेरहमी से प्रताड़ित करते थे।

आत्महत्या से दो दिन पहले ही उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ मारपीट का एक झूठा मुकदमा भी दर्ज करवा दिया था, जिससे वह बेहद गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। राहुल ने वीडियो के अंत में कानून से मांग की कि उसकी मौत के बाद उसकी संपत्ति उसकी मां, भाई-बहनों और उसके परिवार को दी जाए, न कि उसकी पत्नी को।

मां से मिलकर दुकान पहुंचा था राहुल

पुलिस जांच के अनुसार, रविवार सुबह राहुल घर पर अपनी मां से मिलने गया था। मां से मुलाकात करने के बाद वह सीधे बल्लभगढ़ स्थित अपनी कपड़ों की नई दुकान पर पहुंचा। दुकान खोलने के कुछ ही देर बाद उसने अंदर से शटर गिराकर पंखे से फंदा लगाया और अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जब काफी देर तक दुकान नहीं खुली, तो आस-पास के लोगों और परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस कार्रवाई और जांच जारी

क्षेत्र के जांच अधिकारी अजीत सिंह और संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इंस्टाग्राम वीडियो को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में अपनी तफ्तीश में शामिल कर लिया है। वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×