loader
The Haryana Story | कुरुक्षेत्र-पिहोवा रेलवे लाइन पर 10 जुलाई को 11 घंटे का महा-ब्लॉक, यात्रा पर जाने से पहले देखें प्रभावित ट्रेनों की सूची

कुरुक्षेत्र-पिहोवा रेलवे लाइन पर 10 जुलाई को 11 घंटे का महा-ब्लॉक, यात्रा पर जाने से पहले देखें प्रभावित ट्रेनों की सूची

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल द्वारा कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड रेलखंड पर 11 घंटे के मेगा ब्लॉक की घोषणा, चार मुख्य पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी

AI-Generated Images

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल द्वारा कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड रेलखंड पर 11 घंटे के मेगा ब्लॉक की घोषणा की गई है, जिसके कारण चार मुख्य पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। यह ब्लॉक 10 जुलाई 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक प्रभावी रहेगा, जिसका उद्देश्य कुरुक्षेत्र और पिहोवा रोड के बीच नवनिर्मित एलिवेटेड ब्रॉडगेज रेलवे लाइन को मौजूदा ट्रैक से जोड़ने (कट एंड कनेक्शन) का काम पूरा करना है। रात के समय 11 घंटे का खाली स्लॉट उपलब्ध न होने के कारण रेलवे को यह कार्य दिन के समय करना पड़ रहा है।

11 घंटे तक इस रूट पर सिंगल लाइन पूरी तरह बंद रहेगी

हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण अलर्ट है, कुरुक्षेत्र शहर को रेलवे फाटकों के जाम से हमेशा के लिए मुक्ति दिलाने वाली ₹350 करोड़ की एलिवेटेड रेलवे लाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है. इसी नए ट्रैक को पुरानी लाइन से कनेक्ट करने के लिए रेलवे 10 जुलाई, शुक्रवार को एक बड़ा पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लेने जा रहा है। 11 घंटे तक इस रूट पर सिंगल लाइन पूरी तरह बंद रहेगी, जिससे पैसेंजर ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से निरस्त यानी Short Terminate रहेंगी।

इन ट्रेनों के संचालन में किया गया बदलाव

रेलवे के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, कुरुक्षेत्र-नरवाना-जींद रूट पर चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा और वहीं से वापस चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 54040 (जींद से कुरुक्षेत्र पैसेंजर): यह ट्रेन 10 जुलाई को कुरुक्षेत्र तक नहीं जाएगी, इसे कौल (KLE) स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। ट्रेन संख्या 54039 (कुरुक्षेत्र से जींद पैसेंजर): यह ट्रेन कुरुक्षेत्र स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू नहीं करेगी, यह ट्रेन कुरुक्षेत्र के बजाय कौल (KLE) स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होकर जींद के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 54042 (जींद से कुरुक्षेत्र पैसेंजर): इस गाड़ी को भी ब्लॉक अवधि के दौरान कुरुक्षेत्र से पहले पिहोवा रोड (PHWR) स्टेशन पर ही रोक दिया जाएगा। ट्रेन संख्या 54041 (कुरुक्षेत्र से जींद पैसेंजर): यह ट्रेन कुरुक्षेत्र के बजाय पिहोवा रोड (PHWR) स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी और जींद के लिए रवाना होगी। ट्रेन संख्या 54038 जींद-कुरुक्षेत्र पिहोवा रोड (PHWR) तक ही संचालित होगी। ट्रेन संख्या 54037 कुरुक्षेत्र-जींद का संचालन पिहोवा रोड़ से शुरू किया जाएगा।

आम जनता को जाम से मिलेगी स्थायी मुक्ति

कुरुक्षेत्र में बने इस 5.9 किलोमीटर लंबे आधुनिक एलिवेटेड ट्रैक का उद्घाटन 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस ट्रैक के पूरी तरह चालू हो जाने के बाद कुरुक्षेत्र शहर के 5 प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। 10 जुलाई को यात्रा करने वाले यात्री अनावश्यक परेशानियों से बचने के लिए उपर्युक्त बदलावों को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें और रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×