loader
The Haryana Story | नूंह में चुनावी रंजिश ने लिया खूनी रूप, ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत, 12 घायल, 32 पर हत्या का केस दर्ज

नूंह में चुनावी रंजिश ने लिया खूनी रूप, ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत, 12 घायल, 32 पर हत्या का केस दर्ज

मृतक साजिद पेशे से मिस्त्री था और चार बच्चों का पिता था

प्रतीकात्मक तस्वीर

नूंह जिले के आकेड़ा थाना क्षेत्र के निजामपुर छावा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुए हिंसक पथराव और भीषण गोलीबारी में साजिद (27) की मौत हो गई है और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक साजिद पेशे से मिस्त्री था और चार बच्चों का पिता था। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए 32 नामजद आरोपियों सहित 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या (धारा 103) और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील

मंगलवार देर शाम पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई, जिसके बाद देखते ही देखते भारी पथराव और अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में गोली लगने से 27 वर्षीय साजिद पुत्र खुर्शीद की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत करीब 12 लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव है और पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, घरों में दुबके लोग

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए। हमला पूर्व नियोजित बताया जा रहा है, जिसमें एक पक्ष के लोगों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। इसके बाद छतों और गलियों से कई राउंड अवैध हथियारों से फायरिंग की गई। गोलियों की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों में छिप गए। इसी दौरान आरोपी अब्बास द्वारा चलाई गई गोली सीधे साजिद के सिर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

32 नामजद आरोपियों पर FIR, दबिश जारी

घटना की सूचना मिलते ही आकेड़ा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतक के पिता खुर्शीद की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्बास सहित 32 लोगों को नामजद किया है, जबकि 20-25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित

नूंह पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरार आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर तबाड़तोड़ दबिश दे रही हैं। निजामपुर छावा गांव में किसी भी अन्य अप्रिय घटना या दोबारा टकराव को रोकने के लिए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और वहां से पत्थरों व गोलियों के खोल जैसे साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।

मृतक के परिवार में कोहराम, सख्त कार्रवाई की मांग

27 वर्षीय मृतक साजिद पेशे से मिस्त्री था, जो अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सभी नामजद आरोपियों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें फांसी जैसी सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×