loader
The Haryana Story | पंचकूला कोर्ट में हड़कंप: सुबह 10:35 बजे आया धमकी भरा अलर्ट, हरियाणा के कईं जिलों में स्कूल, सरकारी दफ्तर को उड़ाने की धमकी

पंचकूला कोर्ट में हड़कंप: सुबह 10:35 बजे आया धमकी भरा अलर्ट, हरियाणा के कईं जिलों में स्कूल, सरकारी दफ्तर को उड़ाने की धमकी

मेल में धमकी का समयबद्ध शेड्यूल भी लिखा

पंचकूला जिला अदालत को शुक्रवार सुबह करीब 10:35 बजे बम से उड़ाने का एक गंभीर सुरक्षा खतरा मिला है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। हरियाणा के केवल पंचकूला ही नहीं, बल्कि गुरुग्राम और फतेहाबाद जैसी कई अन्य जिला अदालतों को भी इसी तरह के ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं। इसके बाद पूरे राज्य के प्रशासनिक और पुलिस अमले में हड़कंप मच गया है।

कोर्ट के चप्पे-चप्पे और पार्किंग एरिया की गहन जांच की जा रही

शुक्रवार 31 जुलाई यानी आज सुबह करीब 10:35 बजे जिला न्यायालय परिसर को लेकर एक गंभीर सुरक्षा खतरा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा विंग को सूचित किया गया। एहतियात के तौर पर कोर्ट स्टाफ, वकीलों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कोर्ट के चप्पे-चप्पे और पार्किंग एरिया की गहन जांच की जा रही है।

गुरुग्राम में ठप हुआ कामकाज

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी टीमें इस धमकी भरे अलर्ट के स्रोत और इसकी सत्यता का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल परिसर से किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हरियाणा की अन्य अदालतों और सरकारी दफ्तरों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। गुरुग्राम जिला अदालत की बार एसोसिएशन की ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर भी बम की धमकी मिली। सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को अदालत का न्यायिक कार्य पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है।

धमकी का समयबद्ध शेड्यूल

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, इस धमकी भरे ईमेल में बकायदा समय का भी जिक्र किया गया था, जिसमें दोपहर 1:11 बजे एक स्कूल, दोपहर 2:11 बजे हरियाणा की अदालतों और दोपहर 3:11 बजे डीसी ऑफिस  को निशाना बनाने का दावा किया गया है।

फतेहाबाद में भी अलर्ट

फतेहाबाद कोर्ट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस ने हाई अलर्ट पर रखकर खाली करवाया है। सुरक्षा एजेंसियां इन सभी मामलों को आपस में जोड़कर देख रही हैं और ईमेल भेजने वाले अपराधियों को ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से सभी संबंधित कोर्ट परिसरों के बाहर अतिरिक्त नाकेबंदी कर दी गई है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×