सोनीपत जिले के गोहाना के अंतर्गत आने वाले गांव मुंडलाना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक मां ने अपने ही 2 साल के मासूम बेटे चिरांश को पानी की हौदी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने इसे एक साधारण हादसा दिखाने का नाटक रचा। आरोपी महिला की पहचान प्रिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पानीपत के उग्राखेड़ी की रहने वाली है। इस खौफनाक कदम के पीछे पति के चरित्र पर शक होना बताया जा रहा है। पति की शिकायत पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पति के चरित्र पर शक
मुंडलाना निवासी हरिओम जो प्राइवेट नौकरी करता है, की शादी करीब 5 साल पहले पानीपत के उग्राखेड़ी की प्रिया से हुई थी। हरिओम के अनुसार, प्रिया शादी के बाद से ही उस पर किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध होने का शक करती थी। उसे डर था कि हरिओम उसे छोड़कर बच्चों को अपने पास रख लेगा।
मासूम को हौदी में डुबोया
इसी सनक और शक के चलते प्रिया ने अपने 2 साल के इकलौते बेटे चिरांश को घर में बनी पानी की हौदी में डुबो दिया और बच्चे को मारने के बाद प्रिया ने परिवार के सामने नाटक किया कि यह एक हादसा था और बच्चा गलती से पानी में गिर गया। शुरुआत में इसे सामान्य दुर्घटना मानकर पुलिस को बयान दिए गए और पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का दाह संस्कार भी कर दिया गया।
ऐसे खुला राज
बच्चे की मौत के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। पत्नी के अजीब व्यवहार, अचानक भाग जाने और पहले की शक करने की आदत के कारण पति हरिओम को उस पर गहरा संदेह हुआ। जब गहनता से जांच और पूछताछ की कड़ियां जुड़ीं, तो इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया।
हत्या का केस दर्ज
पति हरिओम की लिखित शिकायत के आधार पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुंडलाना स्थित घटनास्थल से पानी का सैंपल, बच्चे के दूध की निप्पल, कपड़ा और एक संदिग्ध लिखित नोट अपने कब्जे में लिया है। इन सभी सबूतों को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला प्रिया को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की तफ्तीश गहराई से की जा रही है।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?