हरियाणा के रोहतक जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहु अकबरपुर गांव के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान बल्हारा की शुक्रवार शाम को उनके घर में मृत्यु हो गई। घटना के बाद से ही खेल जगत और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया है।
जरूरी साक्ष्य और सबूत जुटाए
शुक्रवार दोपहर बाद मुस्कान का शव घर के एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आईं, तो परिजनों ने दरवाजा खोला, जहां मुस्कान मृत पाई गईं। घटना की सूचना मिलते ही बहु अकबरपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है।
मायके वालों का भारी हंगामा, 4 घंटे तक चला बवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुस्कान के मायके वाले रोहतक के बहु अकबरपुर गांव पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और ससुराल के बाहर करीब 4 घंटे तक भारी हंगामा चलता रहा। मायके पक्ष के लोगों ने मुस्कान को प्रताड़ित किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे एक साजिश बताया है। रोहतक के एसपी गौरव राजपुरोहित के अनुसार, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूछताछ और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस खिलाड़ी शीलू बल्हारा को अपने साथ थाने ले गई है।
3 साल से कम समय में टूटी गृहस्थी
मुस्कान महम क्षेत्र के फरमाना गांव की रहने वाली थीं। उनकी शादी दिसंबर 2023 में स्टार कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा के साथ हुई थी। पिछले साल नवंबर में दोनों को एक बेटा हुआ था, जिसका नाम हार्दिक है। ग्रामीणों और शुरुआती चर्चाओं के अनुसार, परिवार के सदस्यों के बीच अक्सर विवाद होने की बातें भी सामने आ रही हैं।
घटना से एक दिन पहले बनाई थी रील
मुस्कान ने इस दुखद घटना से ठीक एक दिन पहले, यानी गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के एक गाने पर हंसते-मुस्कुराते हुए एक रील वीडियो बनाकर अपलोड किया था। रील देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता था कि अगले दिन ऐसी खबर आएगी।
कौन हैं खिलाड़ी शीलू बल्हारा?
शीलू बल्हारा सर्कल कबड्डी के एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय खिलाड़ी हैं। पंजाब और हरियाणा के खेल प्रेमियों के बीच वे 'हरियाणा आला चीता' के नाम से मशहूर हैं। वे देश-विदेश के कई बड़े टूर्नामेंट्स में बेस्ट कैचर रह चुके हैं और इनाम में कई ट्रैक्टर और बुलेट मोटरसाइकिल जीत चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष के औपचारिक बयानों के आधार पर दर्ज होने वाली FIR के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?