loader
The Haryana Story | कबड्डी स्टार शीलू बल्हारा की पत्नी सुसाइड केस में पुलिस का बड़ा दावा, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, सभी फोन जब्त

कबड्डी स्टार शीलू बल्हारा की पत्नी सुसाइड केस में पुलिस का बड़ा दावा, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, सभी फोन जब्त

डिजिटल सबूतों को खंगालने के लिए साइबर सेल तथा फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही

रोहतक के बहु अकबरपुर गांव में इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान बल्हारा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा, जिन्हें पंजाब में 'हरियाणा आला चीता' भी कहा जाता है। उनकी पत्नी मुस्कान बल्हारा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच टीम और डीएसपी तनुज शर्मा के मुताबिक, घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने घर के सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और डिजिटल सबूतों को खंगालने के लिए साइबर सेल तथा फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी थी पुलिस

बहु अकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार 31 जुलाई की शाम करीब 4 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि मुस्कान ने अपने ससुराल के कमरे में फंदा लगा लिया है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे के दरवाजे दोनों तरफ से बंद थे, जिन्हें तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई और शव को कब्जे में लिया।

पति शीलू बल्हारा समेत 4 पर दहेज हत्या का केस दर्ज

मृतका मुस्कान के पिता सुखबीर सिंह निवासी फरमाना, महम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (दहेज मृत्यु) व अन्य धाराओं के तहत पति शीलू बल्हारा, ससुर सुरेंद्र, सास निशा देवी और देवर मनीष के खिलाफ एफआईआर (मुकदमा नंबर 133/2026) दर्ज कर ली है। मायके पक्ष का आरोप है कि दिसंबर 2023 में शादी हुई थी, उसके बाद से ही मुस्कान को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

'पापा मेरे साथ गलत हो रहा है' - आखिरी कॉल और वीडियो का दावा

मुस्कान के पिता सुखबीर ने मीडिया के सामने दावा किया है कि मौत से कुछ समय पहले उनकी बेटी का फोन आया था, जिसने रोते हुए कहा था, 'पापा, मेरे साथ गलत हो रहा है।' इसके बाद उसने फोन नहीं उठाया। परिजनों का यह भी दावा है कि मुस्कान ने सुसाइड से पहले एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस अब साइबर सेल के जरिए इस कथित वीडियो और डिलीट किए गए डेटा की सच्चाई पता लगाने में जुटी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ चुकी है, पुलिस ने घर के CCTV भी लिए कब्जे में

पुलिस को पीजीआईएमएस रोहतक के डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा तैयार की गई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिल चुकी है, जिसे आगे की कानूनी कार्रवाई का मुख्य आधार बनाया जा रहा है। मायके पक्ष की महिलाओं का आरोप है कि मुस्कान के शरीर पर चोट के निशान भी थे। पुलिस ने शीलू बल्हारा के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि घटना के वक्त घर में कौन-कौन मौजूद था, इसकी पुष्टि हो सके।

पंचायतों का दौर जारी, गिरफ्तारी पर फिलहाल असमंजस

घटना के बाद बहु अकबरपुर और फरमाना गांव के मौजिज लोगों के बीच लगातार पंचायतें हो रही हैं। सामाजिक शांति बनाए रखने और मामले को सुलझाने के लिए हुई पंचायत के फैसले के अनुसार, मुस्कान के ससुर सुरेंद्र पर फिलहाल तेहरवीं तक कोई पुलिसिया कार्रवाई न करने पर सहमति बनी है। हालांकि, पुलिस ने पति शीलू बल्हारा और उसके भाई मनीष को हिरासत में ले रखा है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल डेटा, साइबर सेल की रिपोर्ट और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×