loader
The Haryana Story | अंबाला बवाल पर पुलिस का बड़ा दावा, भीड़ पर गंभीर आरोप; सिख जत्थेबंदियों की आज अहम बैठक

अंबाला बवाल पर पुलिस का बड़ा दावा, भीड़ पर गंभीर आरोप; सिख जत्थेबंदियों की आज अहम बैठक

अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने दावा किया कि अंधेरा होने के बाद भीड़ की ओर से अचानक पुलिस पर हमला किया गया

अंबाला में पंजोखरा साहिब विवाद को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने दावा किया कि अंधेरा होने के बाद भीड़ की ओर से अचानक पुलिस पर हमला किया गया। पुलिस ने कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें कथित तौर पर कई युवक फरसे, भाले और अन्य हथियार लिए नजर आ रहे हैं। एसपी अजीत सिंह शेखावत के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान गैस टैंकर के साथ भी बड़ी शरारत किए जाने की आशंका थी।

डीजीपी अजय सिंघल ने भी पुलिस के दावों का समर्थन किया

उन्होंने बताया कि भीड़ के हमले में एक डीएसपी को भी निशाना बनाया गया और फरसे से हुए वार में उनके हाथ अंगूठे पर गंभीर चोट लगी है। वहीं, हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने भी पुलिस के दावों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की वजह से विवाद सुलझने की स्थिति में नहीं पहुंच पाया। डीजीपी के अनुसार, गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर सहमति बन गई थी, लेकिन इसके बाद पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

सिख जत्थेबंदियों की आज बैठक

इस पूरे घटनाक्रम के बीच हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य गुरतेज सिंह ने बताया कि पंजोखरा साहिब विवाद को लेकर शुक्रवार दोपहर 2 बजे सिख जत्थेबंदियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में विवाद और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। 

गुरतेज सिंह ने बताया कि रात हुई घटना के दौरान उन्हें, उनके जूनियर मीत गुरबीर सिंह तलाकौर और गुहला-चीका (कैथल) से कमेटी सदस्य गुरतेज सिंह को चोटें आई थीं। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में डॉक्टर को बुलाकर प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए। फिलहाल अंबाला में हुए बवाल के बाद पुलिस के दावों और सिख संगठनों के पक्ष के बीच मामला गरमाया हुआ है। आज होने वाली बैठक को घटनाक्रम के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×