loader
The Haryana Story | गुरुग्राम क्रिकेट अकादमी में खौफनाक हादसा: खेलते-खेलते 750 किलो का पिच रोलर चला, 8 साल के आकाश की दबकर मौत

गुरुग्राम क्रिकेट अकादमी में खौफनाक हादसा: खेलते-खेलते 750 किलो का पिच रोलर चला, 8 साल के आकाश की दबकर मौत

रिपोर्टों के अनुसार, बच्चे अकादमी में प्रशिक्षण लेने नहीं आए थे, बल्कि खेलने के लिए परिसर में घुसे थे, उस समय मैदान में कोई वयस्क मौजूद नहीं था

गुरुग्राम के काकरौला स्थित श्रीश्याम क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी में खेलते समय हुए दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम आकाश कुमार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बच्चे अकादमी परिसर में खेल रहे थे, इसी दौरान पिच को समतल करने के लिए इस्तेमाल होने वाला करीब 750 किलो का रोलर अचानक चल पड़ा और आकाश उसकी चपेट में आ गया। जानकारी के मुताबिक, आकाश अपने बड़े भाई नील और दो अन्य बच्चों के साथ अकादमी परिसर में पहुंचा था। रिपोर्टों के अनुसार, बच्चे अकादमी में प्रशिक्षण लेने नहीं आए थे, बल्कि खेलने के लिए परिसर में घुसे थे। उस समय मैदान में निगरानी के लिए कोई वयस्क मौजूद नहीं था।

खेल-खेल में चालू हुआ रोलर

बताया जा रहा है कि बच्चों ने खेलते समय पिच रोलर के साथ छेड़छाड़ की। इसी दौरान एक बच्चे ने कथित तौर पर मशीन का MCB (Miniature Circuit Breaker) ऑन कर दिया, जिससे भारी-भरकम रोलर चल पड़ा। बच्चे उसे आगे-पीछे करने लगे। इसी दौरान आकाश का संतुलन बिगड़ा और वह रोलर के पिछले ड्रम की चपेट में आ गया। रोलर को रोकने की जानकारी बच्चों को नहीं थी। हादसे में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में आसपास मौजूद लोगों और अकादमी पहुंचे खिलाड़ियों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिहार के नालंदा का रहने वाला था आकाश

मृतक आकाश कुमार का परिवार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गुरुग्राम के काकरौला इलाके में रहता है। रिपोर्टों के मुताबिक, उसके पिता दिहाड़ी/स्क्रैप का काम करते हैं और परिवार में सात बच्चे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना ने क्रिकेट अकादमी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 750 किलो की मशीन बच्चों की पहुंच में कैसे थी और उसके संचालन वाले हिस्से को सुरक्षित क्यों नहीं किया गया था, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, परिवार की ओर से फिलहाल किसी आपराधिक घटना या लापरवाही को लेकर शिकायत नहीं दी गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, परिजनों के लिखित बयान के आधार पर BNSS की धारा 194 के तहत इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×