loader
The Haryana Story | सुबह छुट्टी मनाकर दिल्ली लौटा था अर्पित, दोपहर में ढह गई जिंदगी; सत्य निकेतन हादसे में MP के छात्र की मौत

सुबह छुट्टी मनाकर दिल्ली लौटा था अर्पित, दोपहर में ढह गई जिंदगी; सत्य निकेतन हादसे में MP के छात्र की मौत

कुछ ही घंटों बाद दोपहर में वह इमारत भरभराकर गिर गई, जिसमें अर्पित समेत कई छात्र दब गए

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने की दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में मध्य प्रदेश के देवास निवासी 18 वर्षीय अर्पित जाज की भी मौत हो गई। अर्पित हाल ही में रक्षाबंधन की छुट्टियां मनाने अपने घर गया था और हादसे वाले दिन रविवार सुबह करीब 7 बजे ही देवास से दिल्ली लौटा था। कुछ ही घंटों बाद दोपहर में वह इमारत भरभराकर गिर गई, जिसमें अर्पित समेत कई छात्र दब गए।

छुट्टी मनाकर लौटा, परिवार को नहीं था अनहोनी का अंदाजा

परिजनों के मुताबिक अर्पित रक्षाबंधन की छुट्टियों के लिए देवास स्थित अपने घर आया था। छुट्टी खत्म होने के बाद वह रविवार सुबह दिल्ली पहुंचा था। वह दिल्ली के आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था और पढ़ाई के लिए सत्य निकेतन स्थित पीजी में रहता था। परिवार के लिए यह सामान्य वापसी थी, लेकिन कुछ घंटों बाद आई हादसे की खबर ने सब कुछ बदल दिया। 

मलबे में दबे अर्पित की तलाश में जुटे परिजन

इमारत गिरने के बाद अर्पित के मलबे में दबे होने की जानकारी सामने आई। उसके परिजन दिल्ली पहुंचे और बचाव अभियान के दौरान लगातार बेटे की सलामती की उम्मीद लगाए रहे। बाद में अर्पित की मौत की पुष्टि हुई। उसके पिता भूपेंद्र जाज के दिल्ली पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है। परिवार अब उसके पार्थिव शरीर को देवास लाने की तैयारी में है।

हादसे में कई छात्रों की गई जान सत्य निकेतन में गिरी

यह इमारत पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी और इसमें बड़ी संख्या में छात्र रहते थे। सोमवार तक सामने आई जानकारी के मुताबिक हादसे में कई लोगों की मौत हुई है और 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है। राहत एवं बचाव दल मलबे की जांच में जुटा रहा।

बेसमेंट में चल रहा था काम, जांच के घेरे में हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान एक पिलर के अस्थिर होने से पूरी संरचना कमजोर पड़ने और इमारत के ढहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच जारी है। अर्पित की कहानी इस हादसे की भयावहता को और गहरा कर देती है, जिस युवक ने सुबह घर की छुट्टियां खत्म कर दिल्ली का सफर शुरू किया, कुछ ही घंटों बाद उसी शहर में उसका जीवन खत्म हो गया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×