loader
The Haryana Story | सत्य निकेतन PG हादसा: कौन हैं हरिराम बंसल? गुरुग्राम में हार्डवेयर की दुकान, 4-5 प्रॉपर्टी के मालिक; हादसे के बाद भिवाड़ी से गिरफ्तार

सत्य निकेतन PG हादसा: कौन हैं हरिराम बंसल? गुरुग्राम में हार्डवेयर की दुकान, 4-5 प्रॉपर्टी के मालिक; हादसे के बाद भिवाड़ी से गिरफ्तार

हादसे के बाद कुछ समय तक हरिराम बंसल का कोई पता नहीं था

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत गिरने से हुई दर्दनाक घटना के बाद बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल पुलिस जांच के केंद्र में हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक हरिराम बंसल का कोई पता नहीं था। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर लुकआउट सर्कुलर जारी किया और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गईं। सोमवार को पुलिस ने उन्हें राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।

गुरुग्राम में लंबे समय से रह रहे हैं बंसल

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक हरिराम बंसल गुरुग्राम के सेक्टर-23 इलाके में लंबे समय से रह रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार उनकी इलाके के बाजार में हार्डवेयर की दुकान है। पड़ोसी एसपी शर्मा ने ANI को बताया कि बंसल के गुरुग्राम में चार-पांच प्रॉपर्टी/मकान बताए जाते हैं। उनके बेटे और बेटी भी आसपास रहते हैं। सत्य निकेतन की जिस इमारत में PG चल रहा था, उसके मालिक के तौर पर हरि राम बंसल, पुत्र मुरारी लाल बंसल का नाम सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार वह गुरुग्राम के निवासी हैं और यह संपत्ति 'Hostel Daze' को लीज पर दी गई थी।

हादसे वाली इमारत में चल रहा था लड़कों का PG

सत्य निकेतन में स्थित यह करीब 40-50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत लड़कों के PG के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। हादसे के वक्त इमारत के बेसमेंट में मरम्मत से जुड़ा काम चल रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि बेसमेंट में चल रहे काम से इमारत की संरचना या नींव प्रभावित हुई हो सकती है। हालांकि हादसे का अंतिम कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

हादसे के बाद घर पर नहीं मिले बंसल

हादसे के बाद पुलिस जब गुरुग्राम स्थित बंसल के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिले। शुरुआती रिपोर्टों में घर पर ताला होने और बंसल के परिवार सहित गायब होने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज करते हुए LOC जारी किया और कई टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर भेजीं। हालांकि अब यह हिस्सा अपडेट हो चुका है, पुलिस ने हरिराम बंसल को भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें दिल्ली लाकर हादसे और इमारत में चल रहे काम से जुड़े तमाम पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।

बंसल के खिलाफ क्या केस दर्ज हुआ?

दिल्ली पुलिस ने हरिराम बंसल और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले में गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इमारत का इस्तेमाल PG के रूप में किस अनुमति के तहत किया जा रहा था और बेसमेंट में चल रहा काम किसकी अनुमति से कराया जा रहा था।

हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 7

सत्य निकेतन हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। राहत एवं बचाव दल ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला, जबकि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद MCD के पांच अधिकारियों को भी निलंबित किया गया है और प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है।

पत्नी के फरार होने की बात की पुष्टि नहीं

सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्टों में परिवार के साथ फरार होने की बातें सामने आईं, लेकिन हरिराम बंसल की पत्नी की भूमिका या उनके साथ फरार होने की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। फिलहाल पुष्ट तथ्य यही है कि हादसे के बाद हरिराम बंसल फरार थे और बाद में पुलिस ने उन्हें भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×