पंचकूला। आग लगने की बेहद खतरनाक परिस्थितियों में फायरकर्मियों की जान को जोखिम से बचाने और रेस्क्यू ऑपरेशन को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में पंचकूला में अत्याधुनिक रोबोटिक फायरफाइटिंग तकनीक का प्रदर्शन किया गया। शुक्रवार को सेक्टर-5 स्थित फायर स्टेशन में आयोजित डेमो के दौरान रोबोटिक मशीनों ने आग के बेहद करीब पहुंचे बिना पानी की तेज बौछार के जरिए आग पर काबू पाने की अपनी क्षमता प्रदर्शित की।
डेमो में जर्मनी की दो और भारत में निर्मित एक रोबोटिक फायरफाइटिंग मशीन ने अपनी कार्यक्षमता दिखाई। इन मशीनों को ऐसे हालात के लिए उपयोगी बताया गया, जहां अत्यधिक तापमान, तेज लपटों, जहरीले धुएं या इमारत के अस्थिर होने के कारण फायरकर्मियों का सीधे मौके पर पहुंचना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।
रिमोट से ऑपरेशन, खतरे वाले इलाके में पहुंचने की क्षमता
रोबोटिक मशीनों को रिमोट तकनीक के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है। इनका उद्देश्य फायरकर्मियों को आग के सीधे संपर्क में आने से बचाते हुए दूर से ही फायरफाइटिंग ऑपरेशन को अंजाम देना है। मशीनें आग के नजदीक जाकर पानी की तेज बौछार करने के साथ ऐसे स्थानों तक पहुंच सकती हैं, जहां सामान्य फायर टेंडर या फायरकर्मी आसानी से नहीं पहुंच पाते।
फायरकर्मियों की सुरक्षा पर जोर
डेमो के दौरान फायर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मशीनों की कार्यप्रणाली, नियंत्रण प्रणाली और आग बुझाने की क्षमता को करीब से देखा। हाई-रिस्क ऑपरेशन में ऐसी तकनीक फायरकर्मियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ आग पर शुरुआती चरण में प्रभावी कार्रवाई में मददगार साबित हो सकती है। यह डेमो ऐसे समय में हुआ है, जब हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग राज्य की फायर रेस्क्यू व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
फायरकर्मियों के लिए सुरक्षा कवच
विभाग ने ऊंची इमारतों में आग और बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 90 मीटर और 104 मीटर क्षमता वाले एरियल लैडर प्लेटफॉर्म खरीदने की प्रक्रिया की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। रोबोटिक फायरफाइटिंग मशीनों जैसी तकनीक का इस्तेमाल भविष्य में औद्योगिक क्षेत्रों, ऊंची इमारतों, गोदामों और अन्य हाई-रिस्क स्थानों पर होने वाली आग की घटनाओं में फायरकर्मियों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो सकता है।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?