हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की जांच के दौरान कथित अंतरराष्ट्रीय ड्रग और हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एटीएस के एसपी वरुण सिंगला ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, जांच में विदेश में बैठे हैंडलरों और पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क के संकेत मिले हैं।
हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की जांच के दौरान कथित अंतरराष्ट्रीय ड्रग और हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एटीएस के एसपी वरुण सिंगला ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, जांच में विदेश में बैठे हैंडलरों और पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क के संकेत मिले हैं।
क्लब में फायरिंग की जांच से खुला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की अलसुबह सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग हुई थी। इस घटना में चंडीगढ़ के मौली जागरां निवासी 22 वर्षीय युवती घायल हो गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि पांच युवक दो गाड़ियों में क्लब पहुंचे थे। वहां विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर गाड़ी से पिस्तौल निकालकर दो गोलियां चला दीं। शुरुआत में पुलिस ने फायरिंग के मामले में आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच और मोबाइल फोन की तकनीकी पड़ताल के दौरान पुलिस को कथित हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद मामले की जांच हरियाणा एटीएस को सौंप दी गई।
सात आरोपी गिरफ्तार, हथियार और नशीला पदार्थ बरामद
एटीएस की कार्रवाई में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर हथियार, वाहन, मोबाइल फोन और नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक 529 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 2 पिस्तौल, 3 कैश गिनने की मशीनें, 12 जिंदा कारतूस, एक एक्सयूवी और एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन बरामद किए।
अमेरिका में बैठे हैंडलरों से संपर्क का दावा
एटीएस के मुताबिक, मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के दौरान आरोपियों के संपर्क विदेश में बैठे कथित हैंडलरों से होने की जानकारी मिली। पुलिस का दावा है कि अमेरिका में बैठे लोग स्थानीय आरोपियों को ड्रग्स, हथियार और ड्रग मनी को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश देते थे। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित हैंडलर स्थानीय नेटवर्क के लोगों को वाहन, रहने की व्यवस्था और पैसे उपलब्ध कराने में भी भूमिका निभाते थे। पुलिस अब इन संपर्कों और कथित वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
ड्रोन के जरिए सीमा पार से सप्लाई की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर यह भी सामने आया है कि नेटवर्क से जुड़े लोग ड्रोन के जरिए सीमा पार से आने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप को आगे पहुंचाने का काम करते थे। आरोपियों को कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर पार्सल पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाती थी। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क में काम करने वाले कुछ लोगों को एक-दूसरे की पहचान और पूरी सप्लाई चेन की जानकारी भी नहीं होती थी। हालांकि, इस नेटवर्क की वास्तविक संरचना और सीमा पार से सप्लाई के संबंध में जांच जारी है।
ड्रग मनी और हथियारों के एंगल से जांच
एटीएस के अनुसार, जांच में ड्रग तस्करी, हथियारों की सप्लाई और ड्रग मनी के कथित लेन-देन की कड़ियां सामने आई हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को जोड़कर नेटवर्क की भूमिका और उसके संचालन के तरीके का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि क्लब में फायरिंग के समय आरोपियों के पास नशे या ड्रग मनी से जुड़ा कोई तत्काल मामला होने की बात सामने नहीं आई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्लब में हुए विवाद के दौरान तैश में आकर फायरिंग की गई थी। इस घटना की अलग से जांच की जा रही है।
पंचकूला पुलिस की जांच से मिले अहम सुराग
एसपी वरुण सिंगला के मुताबिक, पंचकूला पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इन्हीं सुरागों से कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिली। एटीएस ने इस कार्रवाई को अपनी शुरुआती बड़ी सफलताओं में शामिल बताया है। पुलिस अब आरोपियों के विदेशी संपर्कों, हथियारों और नशीले पदार्थों के स्रोत तथा वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी हो सकती हैं।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?