सोनीपत। शहर के देवडू रोड स्थित ऋषि कुंज कॉलोनी की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी से पहले अपनी पहचान और वैवाहिक स्थिति छिपाई। उसने खुद को जॉनी नाम का अविवाहित युवक बताया, जबकि बाद में दस्तावेजों में उसका नाम जावेद सामने आने का महिला ने दावा किया। महिला ने पति और उसके परिजनों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, बच्चों का धर्म बदलने की बात कहने और धमकाने के आरोप भी लगाए हैं।
पहली शादी टूटने के बाद वह करीब दो साल तक अकेली रही
महिला के मुताबिक, पहली शादी टूटने के बाद वह करीब दो साल तक अकेली रही। इसी दौरान सोनीपत में उसकी मुलाकात रूबी और कल्पना नाम की महिलाओं से हुई। महिला का कहना है कि दोनों ने उसकी पहचान जॉनी नाम के युवक से कराई और उसे अविवाहित बताया। इसके बाद इंटरनेट के माध्यम से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और मुलाकात के बाद शादी हो गई। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद जब वह गर्भवती हुई तो उसे पति की पहचान को लेकर संदेह हुआ। दस्तावेजों की जांच करने पर उसका नाम जावेद खान सामने आया। महिला का कहना है कि जब उसने इस बारे में पति से सवाल किया तो उसने प्रेम का हवाला देकर उसे साथ रहने के लिए राजी कर लिया।
पहली पत्नी के पहुंचने पर सामने आई दूसरी शादी की बात
महिला के अनुसार, शादी के करीब छह महीने बाद एक महिला अपने साथ एक अन्य महिला को लेकर उसके घर पहुंची। उसने खुद को जावेद की पहली पत्नी बताया और दावा किया कि उसके तीन बच्चे हैं। इसके बाद पीड़िता ने पति से इस बारे में जवाब मांगा, लेकिन उसके अनुसार पति ने आरोपों से इनकार किया। बाद में पति की तबीयत खराब होने और काम करने की स्थिति में नहीं रहने के दौरान ससुराल पक्ष के साथ विवाद बढ़ने का महिला ने आरोप लगाया।
धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया
उसका दावा है कि इसी दौरान उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। महिला ने परिवार के कुछ सदस्यों पर उसके साथ अनुचित संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी गईं। महिला का आरोप है कि उसके बच्चों का भी धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया गया। इन परिस्थितियों के चलते उसने खुद को और अपने बच्चों को असुरक्षित महसूस करते हुए पुलिस से मदद मांगी।
30 सितंबर को पुलिस को शिकायत देने का दावा
पीड़िता का कहना है कि उसने 30 सितंबर को सेक्टर-27 थाना पुलिस और पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दी थी। उसका आरोप है कि शिकायत के बाद भी उसे तत्काल राहत नहीं मिली और कथित तौर पर आरोपी पक्ष की ओर से फोन कर धमकियां दी जा रही हैं। महिला ने पुलिस से अपनी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सामाजिक संगठन ने भी कार्रवाई की मांग की
मामला सामने आने के बाद सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि भी महिला से मिलने पहुंचे। रक्षक सेना के प्रमुख मंजीत तिहाड़ा के नेतृत्व में टीम ने महिला को कानूनी और सामाजिक स्तर पर मदद का भरोसा दिया। संगठन ने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित कुमार के अनुसार, पुलिस को महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए पहचान छिपाने, पहली शादी, धर्म परिवर्तन के दबाव और धमकी से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?