हरियाणा पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपनी मुहिम तेज करते हुए वर्ष-2025 के पहले तिमाही (1 जनवरी से 31 मार्च) में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालो को कुल 10,13,422 चालान जारी किए हैं। पुलिस की यह पहल राज्यभर में लोगों को यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जारी किए गए कुल चालानों में से 5,63,485 चालान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से, 4,49,931 ई-चालानिंग मशीनों से और केवल 6 चालान मैनुअल तरीके से किए गए। इससे स्पष्ट है कि हरियाणा पुलिस चालान व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में अग्रसर है।
सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामलों में हुए, जिनकी संख्या 2,82,020 रही। इसके बाद तेज गति (ओवरस्पीड) से वाहन चलाने के 1,97,661, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र न होने के 1,32,267, थर्ड पार्टी बीमा न होने के 1,12,055, गलत पार्किंग के 1,26,012 और गलत दिशा में वाहन चलाने के 1,09,673 मामले सामने आए हैं।
पटाखा बुलेट चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई हरियाणा पुलिस द्वारा वर्ष-2025 में बुलेट बाइक से पटाखे चलाने वाले साइलेंसरों का इस्तेमाल करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। हरियाणा पुलिस द्वारा जनवरी 2025 से लेकर मार्च 2025 तक ऐसे 2049 वाहनों का चालान किया गया है। ऐसे वाहनों में लगे मॉडिफाई साइलेंसरों को जब्त कर उन्हें नष्ट किया जा रहा है।
ये वाहन तेज आवाज करते है जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे वाहनो की अचानक तेज आवाज आने से साथ चल रहे वाहन चालकों का डर से संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है जिससे सड़क दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इसी प्रकार, गाड़ी पर ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करने वालो पर सख्ती की जा रही है। जनवरी-2025 से लेकर मार्च-2025 तक हरियाणा पुलिस द्वारा ऐसे 6182 वाहन चालको के चालान करते हुए उन पर 6,18,20000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
related
Latest stories
महाराजा सूरजमल की मूर्ति से 'जाट' शब्द हटाने पर बवाल, जाट समाज की नाराज़गी और प्रशासन का तर्क, पढ़ें पूरी ख़बर
हरियाणा में रेल कनेक्टिविटी का नया दौर : HORC टनल का 61 फीसदी कार्य पूरा, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड ट्रैक लॉन्च के लिए तैयार
मन की बात : एकजुटता की अपील, अफवाहों से सावधान रहने की चेतावनी, 'टीम इंडिया' के रूप में काम करने का आह्वान