loader
The Haryana Story | फिल्मी 'अंदाज़' में गिरफ्तार हुए पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर, ईडी ने 'गिराया', फिर कॉलर पकड़ कर उठाया, वीडियो वायरल

फिल्मी 'अंदाज़' में गिरफ्तार हुए पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर, ईडी ने 'गिराया', फिर कॉलर पकड़ कर उठाया, वीडियो वायरल

छौक्कर भागते समय होटल के गेट के बाहर गिर भी पड़े, दोबारा भागने का प्रयास करने पर ईडी ने उन्हें ज़मीन पर गिरा दिया और जब वह उठने से मना करने लगे तो....

प्रतीकात्मक तस्वीर

समालखा के पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जिस फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया उसका एक विडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें दिख रहा है कि छौक्कर होटल से भागने की कोशिश कर रहे हैं और ईडी के अधिकारी उनका पीछा करते हैं। यह गिरफ्तारी दिल्ली स्थित होटल के एक बार से हुई जहां छौक्कर ईडी अधिकारियों को देखते ही भागने की कोशिश करते है। इस दौरान भागते समय होटल के गेट के बाहर गिर भी पड़े। दोबारा भागने का प्रयास करने पर ईडी ने उन्हें ज़मीन पर गिरा दिया और जब वह उठने से मना करने लगे तो उनकी कॉलर पकड़कर खड़ा किया गया। 

👇 🎥

https://www.instagram.com/share/reel/_aJRvamkf

छौक्कर का 2009 में शुरू हुआ था राजनीतिक सफर

समालखा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके धर्म सिंह छौक्कर का राजनीतिक सफर 2009 में शुरू हुआ था। हरियाणा पुलिस मे सिपाही के पद से त्यागपत्र देकर बड़े भाई इंद्र सिंह छौक्कर की अकस्मात मौत के बाद उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढाते हुए धर्म सिंह छौक्कर ने 2009 में पहला चुनाव हरियाणा जनहित पार्टी की टिकट पर जीता। लेकिन कुछ दिन बाद ही हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई को छोड़कर तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस मे शामिल हो गए तभी से हुड्डा के इतने करीबी हो गए कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने ईडी द्वारा मनी लांड्रिंग मामले में भगोड़ा घोषित करने के बावजूद समालखा विधानसभा से छौक्कर को प्रत्याशी ही नहीं बनाया बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा भी की थी।

दुर्भाग्य से न तो छौक्कर विधायक बन पाए और न ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी

गत विधानसभा चुनाव से चार दिन पहले हाईकोर्ट ने कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह छौक्कर को ईडी के समक्ष सरेंडर करने के आदेश दिए, लेकिन छौक्कर ने इसे अफवाह बताया और बेहिचक चुनाव लड़ा, लेकिन दुर्भाग्य से न तो धर्म सिंह छौक्कर विधायक बन पाए और न ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। हरियाणा कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं समालखा के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर की इस तरह से दुर्गति करने पर क्षेत्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। 

फिल्मी अंदाज़ में हुई गिरफ्तारी पर लोग ले रहे 'चुटकी'

पूर्व विधायक की फिल्मी अंदाज़ में हुई गिरफ्तारी पर चुटकी लेते हुए समालखा बचाओ संघर्ष मोर्चा संयोजक पीपी कपूर ने कहा कि गुरुग्राम में हज़ारों गरीबों का खून पीने वाले ठग धर्म सिंह छौक्कर का यही हश्र होना था। छौक्कर ने गरीबों से करोड़ों रुपये ले लिए, लेकिन बदले में उनको फ्लैट नहीं दिये न रुपये वापिस किये।

कपूर ने कहा अगर धर्म सिंह छौक्कर बीजेपी में शामिल हो जाता ओर बीजेपी व आरएसएस को लूट के माल में हिस्सा पहुंचा देता तो यह दुर्गति न होती। इसी तरह कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने कहा कि धर्म सिंह छौक्कर ने कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ समालखा वासियों व समाज को कलंकित करने का काम किया है। वहीं समालखा विधायक मनमोहन भडाना ने कहा कि भाजपा शाशन मे कानून स्वतंत्र रूप से काम कर रहा है। चाहे विधायक हो या पूर्व विधायक या कोई मंत्री हो कानून से ऊपर कोई नहीं है। 

हज़ारों होम बायर्स से 500 करोड़ की ठगी का आरोप

पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर व उसके बेटों विकास और सिकंदर पर दीन दयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत 1500 से अधिक होम बायर्स से ₹500 करोड़ की ठगी का गंभीर आरोप है। ये लोग गुरुग्राम की रियल एस्टेट कंपनी ‘साईं आइना फार्म्स’ और अन्य कंपनियों के ज़रिए लोगों से पैसा लेकर उन्हें प्लॉट्स और घर देने का झांसा देते थे लेकिन बाद में ना तो प्रोजेक्ट पूरे हुए और ना ही पैसे लौटाए गए। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी जिसके आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। विकास अभी भी फरार है जबकि सिकंदर को ईडी ने पिछले साल गिरफ्तार किया था और फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। 

नौकरों के भरोसे आलीशान घर

उधर पूर्व विधायक के पैतृक गांव वजीरपुर टिटाना के कुछ लोगों ने बताया कि पिछले काफी दिनों से गांव में उनकी कोठी पर पूर्व विधायक व परिवार का कोई भी सदस्य नहीं रहता केवल नौकर के भरोसे है। विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक कोठी पर आते जाते रहते थे। 

विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो कहते थे करके दिखाते थे

दूसरी और गांव नारायण निवासी सेना से एक्स सर्विसमैन मदनलाल, अशोक रमेश कुमार महेंद्र सिंह आदि ने बताया कि दो बार विधानसभा चुनाव में गांव के लोगों ने पूर्व विधायक की मदद की है, लेकिन विधायक की गिरफ्तारी का पता चलने पर दुख हुआ है, लेकिन पूर्व विधायक निवेशकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरे हालांकि पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई वह जो कहते थे करके दिखाते थे। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×