loader
The Haryana Story | सीएम सैनी ने मानसून के दृष्टिगत जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश, जलभराव से अधिक प्रभावित जिलों का लिया फीडबैक

सीएम सैनी ने मानसून के दृष्टिगत जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश, जलभराव से अधिक प्रभावित जिलों का लिया फीडबैक

बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूर्ण रखें और जल निकासी सम्बंधित शिकायतों का तुरन्त निपटान करें : सीएम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानसून के दृष्टिगत जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु प्रदेशभर के जिला उपायुक्तों को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला उपायुक्तों से कहा कि बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूर्ण रखें और जल निकासी सम्बंधित शिकायतों का तुरन्त निपटान करें। मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि उनके पास उपलब्ध सभी पम्प सेट पूरी क्षमता से कार्य करें।

संबंधित अधिकारियों से जिलेवार फीडबैक लिया और तैयारियों की समीक्षा की

बैठक में गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, कुरुक्षेत्र जैसे जलभराव से अधिक प्रभावित जिलों के लिए विशेष योजना के अंतर्गत कार्य करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जिलेवार फीडबैक लिया और तैयारियों की समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सभी ड्रेनों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए

मुख्यमंत्री ने मौजूदा मॉनसून सीजन के मद्देनजर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी ड्रेनों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से बचने के लिए प्रभावी जल निकासी प्रणाली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बरसाती पानी के त्वरित निकासी के लिए पर्याप्त संख्या में पंपों की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश आज यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।

अपने-अपने जिलों में बारिश के पानी की निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें

नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सभी उपायुक्त अपने-अपने जिलों में बारिश के पानी की निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने उपायुक्तों को जलभराव के संभावित स्थानों की पहचान कर तदनुसार उचित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बरसाती पानी की निकासी के लिए पर्याप्त पंपों की उपलब्धता करें सुनिश्चित बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में उपलब्ध पंपों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पंपों को पूरी तरह चालू स्थिति में रखा जाए ताकि वर्षा जल की निकासी में कोई समस्या न हो। 

बिजली बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

साथ ही उन्होंने सभी उपायुक्तों को अपने जिलों में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के पास उपलब्ध पंपों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका समुचित उपयोग किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी उपायुक्त निर्धारित प्रारूप  पंपों की उपलब्धता से संबंधित जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पंप सेटों की निर्बाध संचालन के लिए बिजली बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

.....ताकि ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न न हो सके

ड्रेनों की सफाई की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष रूप से नगरों एवं शहरों से गुजरने वाले ड्रेनों की समुचित सफाई की जाए ताकि ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न न हो सके। उन्होंने फरीदाबाद में गौंछी ड्रेन को कवर करने की संभावना तलाशने और राज्य की अन्य ड्रेनों के लिए भी इसी प्रकार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×