loader
The Haryana Story | मंत्री बेदी बोले : पीएम किसान सम्मान निधि योजना को लेकर विपक्ष ने सरकार का उड़ाया था 'मजाक', सरकार दे रही करारा जवाब

मंत्री बेदी बोले : पीएम किसान सम्मान निधि योजना को लेकर विपक्ष ने सरकार का उड़ाया था 'मजाक', सरकार दे रही करारा जवाब

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए कृत संकल्प होकर कार्य कर रही

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए कृत संकल्प होकर कार्य कर रही है। आज के परिवेश में किसान पैदावार के साथ मार्केटिंग की और बढ़े और खेती की नवीनतम तकनीकों को अपनाएं। प्रदेश में किसानों को बिजली, पानी, खाद आदि की दिक्कत नहीं आने दी जा रही है। किसानों के खातों में बिना किसी कट कमीशन और बिचौलियों के फसल का सीधा पैसा जा रहा है।

प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त जारी 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश पहला ऐसा राज्य है, जो किसानों की 24 फसलों का एमएसपी पर खरीदने का कार्य कर रहा है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को जींद के हमेटी में आयोजित प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत 20वीं किश्त किसानों के खातों में जारी होने के उपलक्ष में आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बनारस से देशभर के किसानों के खातों में प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त जारी की। 

विपक्षी नेताओं ने सरकार का बहुत मजाक किया था कि केंद्र सरकार इतना पैसा कहां से लाएगी

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज जिला के किसानों के खाते में करीब 16 करोड़ रुपये की धनराशि डाली गई है। किसान सम्मान निधि के तहत पौने चार लाख करोड़ तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पौने दो लाख करोड़ रुपये केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के खातों में भेजे गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरूआत 2019 में की गई थी। तब विपक्षी नेताओं ने इसको लेकर सरकार का बहुत मजाक किया था कि केंद्र सरकार इतना पैसा कहां से लाएगी और यह योजना 2019 के चुनाव के बाद बंद हो जाएगी लेकिन नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के उस मजाक को संकल्प के साथ पूरा किया और अब तक उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार नॉन स्टॉप 20वीं किस्त किसानों के खातों में जारी कर चुकी है। 

पराली जलाने की नहीं पैसा कमाने की चीज

उन्होंने कहा कि किसान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए पराली प्रबंधन करें। क्योंकि पराली जलाने की नहीं पैसा कमाने की चीज है। किसान मजबूत होगा तो प्रदेश एवं देश मजबूत होगा। पूर्व की सरकारों में किसान व्यापारियों के कर्ज के तले दबा होता था। प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन की आज सरकार किसानों के एक-एक दाने की खरीद एमएसपी पर करती है और 72 घंटे में उसकी फसल का पैसा उसके खाते में भेजने का कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों के अनेकों योजनाएं लागू की गई है, जिनका किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। किसानों को खेती के लिए संसाधन मुहैया करवाए जा रहे हैं।

प्रदूषण से वर्तमान पीढ़ी को बचाने के लिए सभी कार्य करें

प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का परिणाम है कि युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची योग्यता के आधार पर रोजगार मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच से किसानों को आत्मबल मिला और उनका विश्वास बढ़ा है। किसान देश का ताज है। किसानों को चाहिए कि कृषि के साथ साथ अन्य वैकल्पिक व्यापार भी करें ताकि उन्हें अतिरिक्त आमदनी हो सके। उन्होंने सभी किसानों से आह्वान किया कि प्रदूषण से वर्तमान पीढ़ी को बचाने के लिए सभी कार्य करें। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से किसानों के साथ है। हरियाणा का कल्चर एग्रीकल्चर है। 

पराली जलाने की घटनाओं में पचास प्रतिशत की कमी आई

जिला में पराली प्रबंधन की दिशा में किसानों ने सकारात्मक सहयोग दिया जिसके कारण पराली जलाने की घटनाओं में पचास प्रतिशत की कमी आई। इसमें और सुधार प्रशासन और किसान मिलकर करें, ताकि जींद जिला जीरो बर्निंग के लक्ष्य को प्राप्त कर सके। किसान देश की रीढ़ हैं, जो पूरे देश को अन्न पैदा करके देता है। खेती किसान की है किसानों को चाहिए कि वर्तमान परिवेश के अनुरूप खेती बाड़ी का कार्य करें। इस मौके पर कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल, गौरव भारद्वाज, डा. राज सैनी, भारतभूषण टांक, सत्यवान बेदी, सतीश कुमार, कर्मबीर सहित अन्य अधिकारी व किसान मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×