loader
The Haryana Story | NCRB रिपोर्ट ने हरियाणा की 'कानून-व्यवस्था' की खोली पोल, सैलजा बोलीं- आंकड़े सवाल खड़े कर रहे, सरकार खुद की पीठ थपथपाने में लगी

NCRB रिपोर्ट ने हरियाणा की 'कानून-व्यवस्था' की खोली पोल, सैलजा बोलीं- आंकड़े सवाल खड़े कर रहे, सरकार खुद की पीठ थपथपाने में लगी

सैलजा ने कहा कि हरियाणा में हत्या, ऑनर किलिंग, बलात्कार, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर अपराधों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में तेजी से बढ़ी है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है

सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि एनसीआरबी की वर्ष 2023 की रिपोर्ट ने हरियाणा की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े प्रदेश की सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। जबकि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था और विकास को लेकर खुद ही अपनी पीठ थपथपाने में लगी हुई है। मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में हत्या, ऑनर किलिंग, बलात्कार, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर अपराधों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में तेजी से बढ़ी है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाती है।

सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम रही

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा ऑनर किलिंग के मामलों में पूरे देश में दूसरे स्थान पर पहुँच चुका है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या निरंतर बढ़ रही है, वहीं दर्ज किए गए लगभग 42 प्रतिशत मामले फर्जी पाए गए, जिससे पीड़िताओं को न्याय मिलने में बाधा उत्पन्न होती है। वर्ष 2023 में बच्चों के खिलाफ 21,638 अपराध दर्ज हुए और बुजुर्गों पर अत्याचार के मामलों में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। कुमारी सैलजा ने कहा कि यह स्थिति स्पष्ट करती है कि भाजपा-जजपा सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम रही है। अपराध नियंत्रण करने के बजाय सरकार आंकड़ों को दबाने और जनता को गुमराह करने में जुटी हुई है।

कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की सुरक्षा और हक़ के लिए संघर्ष जारी रखेगी

उन्होंने राज्य सरकार से माँग की कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ और पुलिस प्रशासन को अपराध रोकने में नाकामी के लिए जवाबदेह बनाया जाए। साथ ही ऑनर किलिंग और बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालतों में कराई जाए तथा झूठे मुकदमों की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए निष्पक्ष जाँच और निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए। सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर रही है और आगे भी जनता की सुरक्षा और हक़ के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×