loader
The Haryana Story | कांग्रेस के नए प्रदेशध्यक्ष ने संभाला पदभार, राव नरेंद्र सिंह ने कहा - वे पार्टी के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे

कांग्रेस के नए प्रदेशध्यक्ष ने संभाला पदभार, राव नरेंद्र सिंह ने कहा - वे पार्टी के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान, पार्टी प्रभारी बीके. हरिप्रसाद, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, बीरेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे

हरियाणा कांग्रेस में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नए प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान, पार्टी प्रभारी बीके. हरिप्रसाद, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, बीरेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा इस मौके पर नहीं पहुंचीं। कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होकर सभी दिग्गज नेताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद राव नरेंद्र ने कहा कि वे पार्टी के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।

सभी नेताओं से वन-टू-वन चर्चा की

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे की रणनीति का ऐलान किया जाएगा। राव नरेंद्र ने कहा कि सभी नेताओं से वन-टू-वन चर्चा की है। कांग्रेस को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुटता के साथ काम किया जाएगा। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए संगठन की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा, 11 साल से संगठन नहीं था। अगर संगठन होता तो हमें और ज्यादा वोट मिलते। अब हम सब मिलकर पार्टी को नई ऊंचाई देंगे। हम सभी कांग्रेसजन, हरियाणा के लोगों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें उनका हक दिलाने के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे। जब पत्रकारों ने पूछा कि पहले संगठन क्यों नहीं बन पाया, तो हुड्डा ने मुस्कराते हुए कहा ये सवाल हाईकमान से पूछो।

रूट चार्ट में हरियाणा के किसी भी वरिष्ठ नेता का फोटो नहीं था

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भी मंच से अपने संबोधन में कहा कि हाईकमान ने राव नरेंद्र को अध्यक्ष और हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष बनाकर सही फैसला लिया है। उन्होंने कहा, हुड्डा के पास 37 विधायक हैं, वे दो घंटे में संगठन बना सकते हैं, लेकिन इसमें भेदभाव नहीं होना चाहिए। इस बीच कार्यक्रम शुरू होने से पहले पोस्टर विवाद भी सामने आया। राव नरेंद्र के स्वागत के लिए जारी किए गए रूट चार्ट में हरियाणा के किसी भी वरिष्ठ नेता का फोटो नहीं था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असंतोष के बाद अध्यक्ष ने तुरंत नया पोस्टर जारी कराया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा, सांसद सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा के फोटो शामिल किए गए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×