राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गौरवपूर्ण 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सचिवालय सभागार में शुक्रवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अपने संबोधन में कहा कि जब वंदे मातरम गीत लिखा गया था, तब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, परंतु इस गीत ने देशवासियों में स्वाधीनता का संकल्प जगाया। वंदे मातरम वह शस्त्र था जिसने आज़ादी के परवानों को एक सूत्र में बांधा धा। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री का स्वागत उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया, निगम आयुक्त डॉ. पंकज और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर किया व शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है
शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का विचार हर युग में सर्वोत्तम रहा है। उपनिषदों के ज्ञान ने पूरी दुनिया को चकित किया। उन्होंने कहा कि हमें फिर से उसी एकता, समर्पण और संकल्प को अपनाना होगा, जिससे 2047 तक भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाया जा सके। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है। इसने स्वतंत्रता संग्राम के हर चरण में जन-जन को जोड़ा और राष्ट्र की चेतना को प्रज्वलित किया। वंदे मातरम हमें एकता, सम्मान और राष्ट्र सेवा का संदेश देता है। शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि वंदे मातरम हर नागरिक की आत्मा है। यह गीत हमें अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है और देश के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस गीत का उद्देश्य केवल आज़ादी नहीं, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर और गौरवशाली बनाना था।
वंदे मातरम की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई
समारोह में स्कूली बच्चों ने राज्य गीत जय हरियाणा और दुनिया में न्यारा हरियाणा की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इस मौके पर जिला सचिवालय परिसर में वंदे मातरम की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका शिक्षा मंत्री ने अवलोकन किया और उसकी सराहना की। प्रधानमंत्री का वर्चुअल संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज, एसडीएम मनदीप सिंह, सीईओ डॉ. किरण, निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीपीआरओ सुनील बसताडा, डीईओ राकेश बूरा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश