करनाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं केंद्रीय ऊर्जा, आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को जिला सचिवालय में आयोजित दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या देरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार के पास बजट की कमी नहीं है। उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया ने कैबिनेट मंत्री को आश्वासन दिया कि विकास में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अतिशीघ्र वे अधिकारियों के साथ मीटिंग करके महत्वपूर्ण बिंदुओं पर और तेजी लाने का प्रयास करेंगे।
क्रियान्वयन पर ईमानदारी पूर्ण कार्य करें
कैबिनेट मंत्री ने 20 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में सरकार द्वारा संचालित की जारी योजनाओं का ब्यौरा लिया व निर्देश दिए कि वे फील्ड में जाकर योजनाओं को लोगों तक पहुंचाए व उनके क्रियान्वयन पर ईमानदारी पूर्ण कार्य करें। उन्होंने विकास में तेजी लाने पर बल दिया। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि व्यायाम शालाएं लाइब्रेरी गांव में ही होनी चाहिए, इनका सीधा संबंध युवाओं से व उनके भविष्य से है। कैबिनेट मंत्री ने मंत्री कृष्ण लाल पंवार के विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की। मंत्री पंवार ने उनके सामने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जिनका अधिकारियों ने स्वागत किया।
सभी गांव में एक ही आधुनिक श्मशान घाट बनाने का सुझाव दिया
कैबिनेट मंत्री ने बैठक में वीटा बूथ को शराब के ठेके के साथ अलाट करने और सभी गांव में एक ही आधुनिक श्मशान घाट बनाने का सुझाव दिया। मंत्री मनोहर लाल ने बैठक में अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि अब केवल कागज़ी रिपोर्ट से काम नहीं चलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करें और लाभार्थियों तक योजनाओं का फायदा समयबद्ध ढंग से पहुँचाएं। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार की योजनाओं का उद्देश्य सिर्फ फाइलों में आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि जनता को वास्तविक लाभ पहुँचाना है। यदि कहीं भी ढिलाई पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।”
जनता को परिणाम चाहिए, वादे नहीं
मंत्री ने प्रधान मंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (शहरी व ग्रामीण), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मनरेगा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, सांसद आदर्श ग्राम योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, और डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम जैसी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भी अधिकारियों को सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट संदेश है कि योजनाएं कागजों में नहीं, धरातल पर दिखनी चाहिएं। जनता को परिणाम चाहिए, वादे नहीं।”
सभी योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना, आवास योजना, और ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रगति को और तेज़ करने की बात कही। बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि सभी योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए फील्ड विजिट्स बढ़ाई जाएंगी और नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने जिले में 7 हजार के करीब पात्र लोगों को प्रधान मंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत नए लाभार्थियों की पहचान की जा रही है। अधिकारी इसका सर्वे करके रिपोर्ट दें।
एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी जो हर 3 महीने में रिपोर्ट देगी
निगम आयुक्त डॉ पंकज ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के अंतर्गत कचरा निस्तारण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रगति मंत्री को बताई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 और बाल सुरक्षा एवं संरक्षण योजना की अद्यतन रिपोर्ट दी। जिस पर मंत्री ने संज्ञान लिया वह कहा कि अब इनकी निगरानी के लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी जो हर 3 महीने में रिपोर्ट देगी। इस विभाग में किसी भी तरह की अनियमिताएं सहन नहीं होगी। डीआरओ कनक लाकड़ा ने राजस्व विभाग के डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम की स्थिति बताई। लाल डोरी की रजिस्ट्री व पेपर लेस रजिस्ट्री को लेकर भी हुई समीक्षा।
सरकार के पास वक्त बर्बाद करने की गुंजाइश नहीं
खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कुमारी नीतू ने विभाग के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की वितरण स्थिति प्रस्तुत की। मंत्री ने बीपीएल के कार्ड काटे जाने की शिकायत कहा कि इसका कारण भी पात्रों को बताना चाहिए ताकि उनको किसी भी प्रकार का भ्रम ना हो। ग्रामीण विकास विभाग ने मनरेगा, सांसद आदर्श ग्राम योजना और दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की रिपोर्ट पर भी गंभीरता पूर्वक चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए हैं, अब जिम्मेदारी अधिकारियों की है कि वे समय पर नतीजे दें। उन्होंने कहा, “हर योजना के पीछे जनता की उम्मीदें जुड़ी हैं। सरकार के पास वक्त बर्बाद करने की गुंजाइश नहीं है। नतीजे चाहिए, बहाने नहीं।”
केवल उन्हीं विभागों की सराहना की जाएगी, जिन्होंने मैदान पर ठोस उपलब्धियां दिखाईं
उन्होंने यह भी कहा कि अगली बैठक में केवल उन्हीं विभागों की सराहना की जाएगी, जिन्होंने मैदान पर ठोस उपलब्धियां दिखाईं। बैठक में शहरी विधायक प्रमोद विज,समालखा विधायक मनमोहन भढ़ाना,जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया, निगम आयुक्त डॉ पंकज, सीईओ डॉ किरण,गजेंद्र सलूजा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, रोशन लाल माहला, आर्य सुरेश मलिक, डीपीओ परमिंदर कौर, डीईओ राकेश बूरा, ब्लॉक समिति चेयरमैन मीना, डीएफएससी नीतू के अलावा जनप्रतिनिधि, और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश