loader
The Haryana Story | अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2025 में हरियाणा को स्वच्छ मंडप में मिला गोल्ड मेडल, 'एआई ताऊ' पर टिकी सबकी नज़रे

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2025 में हरियाणा को स्वच्छ मंडप में मिला गोल्ड मेडल, 'एआई ताऊ' पर टिकी सबकी नज़रे

हरियाणवी अंदाज में एआई ताऊ ने लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की मजेदार और रोचक जानकारी दी

नई दिल्ली के भारत मंडपम में चले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2025 में हरियाणा को स्वच्छ मंडप में गोल्ड मेडल मिला है। भारत मंडपम, नई दिल्ली में 14 से 27 नवंबर तक चले इस 14 दिवसीय मेले में हजारों लोगों ने हरियाणवी संस्कृति, इनोवेशन और विकास यात्रा की झलक देखी। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' थीम पर बना यह पवेलियन सूरजकुंड मेले और गीता जयंती की झलक भी दिखाता रहा। व्यापार मेले में अलग-अलग श्रेणियों में मेडल दिए गए थे, इसमें हरियाणा प्रदेश के पवेलियन ने स्वच्छ मंडप में बाजी मारी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मंडप के निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन व मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्य प्रशासक श्यामल मिश्रा, प्रशासक विनय प्रताप सिंह की अगुवाई में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हरियाणा पवेलियन ने स्वच्छ मंडप में गोल्ड मेडल जीता

14 नवंबर से 27 नवंबर तक 14 दिन चले इस 44वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा पवेलियन लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पवेलियन में हरियाणवी संस्कृति, निरंतर जारी इनोवेशन और प्रदेश के विकास की झलक देखने को मिल रही थी। मेले के समापन के उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित आयोजन किया गया था, इसमें हरियाणा पवेलियन ने स्वच्छ मंडप में गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्य प्रशासक श्यामल मिश्रा व प्रशासक विनय प्रताप सिंह का धन्यवाद किया। 

एआई ताऊ लोगों की पहली पसंद बना

निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि पवेलियन में यूं तो कला व संस्कृति से जुड़ी बहुत से नए प्रयोग किए गए थे लेकिन इस बार एक नया प्रयोग एआई ताऊ का किया गया था। इस एआई ताऊ ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा—हरियाणवी अंदाज में लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की मजेदार और रोचक जानकारी देता हुआ यह एआई आधारित ताऊ लोगों की पहली पसंद बना। बच्चे हों या बड़े, लोग इसका वीडियो बनाने और सेल्फी लेने में जुटे दिखे। पवेलियन में 11 कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और 22 MSMEs ने भी अपने उत्पाद और नवाचार प्रदर्शित किए, जिन्हें आगंतुकों ने खूब सराहा। एक भारत–श्रेष्ठ भारत थीम पर आधारित इस पवेलियन में सूरजकुंड मेला और गीता जयंती की झलक भी देखने को मिली।

Join The Conversation Opens in a new tab
×