loader
The Haryana Story | सदन संदेश का विमोचन : सीएम बोले - यह केवल पत्रिका का विमोचन नहीं, बल्कि नई सोच, नई दिशा और नए संकल्प का शुभारंभ

सदन संदेश का विमोचन : सीएम बोले - यह केवल पत्रिका का विमोचन नहीं, बल्कि नई सोच, नई दिशा और नए संकल्प का शुभारंभ

सदन संदेश पत्रिका जनता और सदन के बीच संवाद का सशक्त सेतु बनेगा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा द्वारा प्रकाशित पत्रिका सदन संदेश का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इसे विधानसभा द्वारा जनसंचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह केवल पत्रिका का विमोचन नहीं, बल्कि नई सोच, नई दिशा और नए संकल्प का शुभारंभ है। हरियाणा विधानसभा के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक बीबी बत्रा सहित मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और प्रकाशन से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सदन संदेश पत्रिका जनता और सदन के बीच संवाद का सशक्त सेतु बनेगा।

ये सभी प्रयास विधायी ढांचे को और अधिक सक्षम और आधुनिक बनाते

यह पत्रिका न केवल विधानसभा की कार्यवाही, निर्णयों और विधायी प्रक्रियाओं को जनता तक पहुंचाने में मदद करेगी, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पत्रिका के माध्यम से नागरिकों को सदन की गतिविधियों, नीतिगत चर्चाओं और महत्वपूर्ण विधायी पहलों की सुव्यवस्थित जानकारी प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में हरियाणा विधानसभा इस दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। सदन की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग, ई-विधान की शुरूआत, समितियों के कार्यों में पारदर्शिता और सदस्यों को प्रशिक्षण व अध्ययन भ्रमण की व्यवस्था की गई है। ये सभी प्रयास विधायी ढांचे को और अधिक सक्षम और आधुनिक बनाते हैं। इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए सदन संदेश पत्रिका का प्रकाशन अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह विधायी गतिविधियों की जानकारी देगी। साथ ही, सदस्यों के विचारों, विश्लेषण और अनुभवों को पाठकों तक पहुंचाएगी। 

सदन की गरिमा को नई ऊर्जा देने का एक सशक्त माध्यम बनेगी

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विपुल गोयल, डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, आरती सिंह राव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक भी उपस्थित रहे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस पत्रिका का उद्देश्य सदस्यों और पाठकों को उपयोगी जानकारी देना और विचारों की अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करना है। 'सदन संदेश’ न केवल सत्रों की तथ्यपरक समीक्षा प्रस्तुत करेगी, बल्कि जनता को विधायी प्रक्रियाओं, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने वाला एक प्रभावी माध्यम बनेगी। यह पत्रिका हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों, विधायी परंपराओं और सदन की गरिमा को नई ऊर्जा देने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। पत्रिका लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का एक जीवंत दस्तावेज है, जो शोधार्थियों, छात्रों और उन सभी नागरिकों के लिए भी मार्गदर्शिका बनेगी, जो लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को गहराई से समझना चाहते हैं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×