loader
The Haryana Story | महीपाल ढांडा बोले - जिनके पूर्वजों ने लोकतंत्र का गला घोंटा, वही लोकतंत्र को खतरे में बता रहे

महीपाल ढांडा बोले - जिनके पूर्वजों ने लोकतंत्र का गला घोंटा, वही लोकतंत्र को खतरे में बता रहे

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया। इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा करना रहा। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अपने दौरे की शुरुआत सुबह शक्ति नगर, हरि नगर और गोपाल कॉलोनी से की, जहां उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं, मंडल पदाधिकारियों एवं पार्षदों के साथ विस्तार से संवाद किया। 

संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया

शाम के वक़्त देवी मंदिर एरिया और परशुराम कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। सभी स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र और हरियाणा प्रदेश में तेज गति से विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज भारत आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति कर रहा है, जिसका श्रेय मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है।

झूठा प्रचार करते हैं कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है

ढांडा ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक साख और विकास यात्रा से कुछ विरोधी देश असहज हैं और वे नहीं चाहते कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बने। इसी कारण समय-समय पर देश के खिलाफ षड्यंत्र रचे जाते हैं। दुर्भाग्यवश, कुछ राजनीतिक दल भी इन साजिशों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन करते हुए विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करने का प्रयास करते हैं और यह झूठा प्रचार करते हैं कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज लोकतंत्र की दुहाई देते हैं, उनके पूर्वजों ने ही देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोटा था और देशवासियों के बीच भय का माहौल पैदा किया था। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की है और आज भी पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। 

संगठन को मजबूत करें और समाज के हर वर्ग के साथ संवाद बनाए रखें

शिक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाएं, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और समाज के हर वर्ग के साथ संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनकी सक्रियता से ही संगठन चुनावों में सफलता प्राप्त करता है। इन बैठकों में सभी मंडल अध्यक्ष, स्थानीय पार्षद, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को और सशक्त बनाने तथा आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का संकल्प लिया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×