पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली आवास पर हुए भोज में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने हुड्डा खेमे के दबदबे को फिर से साबित किया है। बता दें कि इस कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के 80 से अधिक सांसद और हरियाणा के 31 विधायक शामिल हुए। इसमें जया बच्चन, सचिन पायलट और अखिलेश यादव जैसे प्रमुख नेता भी दिखे। वहीं भारी भीड़ के बावजूद कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला जैसे हरियाणा कांग्रेस के अन्य कद्दावर नेताओं की अनुपस्थिति ने पार्टी की आंतरिक एकजुटता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पार्टी को सक्रिय करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा
इसके साथ ही राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य आपसी मतभेदों को भुलाकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना है। हालांकि, यह देखना बाकी है कि क्या यह 'लंच डिप्लोमेसी' धरातल पर पार्टी के नेताओं को एकजुट कर सामूहिक कार्य में तब्दील हो पाती है या नहीं। भूपेंद्र हुड्डा ने हाल ही में जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में पार्टी नेताओं को बेरोजगारी और अपराध जैसे जनहित के मुद्दों को जोर-शोर से उठाने के निर्देश दिए हैं, जो पार्टी को सक्रिय करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विभिन्न दलों के 85 से अधिक सांसद, मंत्री मौजूद रहे
दरअसल, राजनीति में कब क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। हरियाणा कांग्रेस में जो कुछ चल रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है। कांग्रेस के विरोधी दल तो छोड़िए खुद उन्हीं की पार्टी के कईं लोग अपने ही नेताओं पर तंज कसते नजर आते है। ऐसे में हरियाणा की राजनीतिक चौपालों पर पिछले कईं दिनों से कांग्रेस को लेकर कोई चर्चा सुनाई नहीं दी, लेकिन एक चौपाल पर कांग्रेस का नाम सुनाई देने पर हमने गौर से वहां की बात सुनी। बातचीत सुनते हुए पता चला कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने दिल्ली निवास 15, तालकटोरा रोड पर भोज का आयोजन किया था, जिसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी समेत विभिन्न दलों के 85 से अधिक सांसद और हरियाणा के सभी कांग्रेसी विधायक व पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री मौजूद रहे।
नेताओं ने हरियाणवी शैली के शुद्ध देशी खाने का आनंद उठाया
कार्यक्रम में राजनीतिक जगत की अन्य दिग्गज हस्तियों के अलावा प्रेस व मीडिया से जुड़े तमाम बड़े चेहरे मौजूद रहे। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भूपेंद्र हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा के साथ सभी स्टॉल्स पर जाकर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। दोनों नेताओं ने लगभग एक घंटे तक हुड्डा परिवार के साथ समय भी बिताया। इस भोज की खास बात ये रही कि दलगत राजनीति से हटकर तमाम दलों के प्रमुख नेताओं ने हरियाणवी शैली के शुद्ध देशी खाने का आनंद उठाया। एक तरफ संसद में राजनीतिक गहमागहमी थी, तो दूसरी तरफ संसद से कुछ ही कदमों की दूरी पर राजनीति व मीडिया से जुड़े नामचीन लोग लजीज व्यंजन का स्वाद ले रहे थे, जिसकी काफी चर्चा रही।
भोज के बहाने से कई पुराने साथियों की आपस में मुलाकात भी हुई
इस दौरान पूर्व मुख्य मंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने गर्मजोशी के साथ मेहमानों का स्वागत किया। दोपहर के इस भोजन के साथ-साथ लोग सम-सामयिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा भी करते दिखाई दिए। भोज के बहाने से कई पुराने साथियों की आपस में मुलाकात भी हुई और विचार-विमर्श भी हुआ। हुड्डा के इस भोज में शामिल पार्टी के दिग्गज नेताओं को देखकर लोगों ने फिर से यहीं कहा कि हुड्डा ने फिर से अपनी ताकत दिखा दी है। खैर यह सब कुछ तो जनता जानती है, लेकिन असल में यह नेता कब एक होंगे और पार्टी के कार्य करेंगे यह देखना होगा?
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश