loader
The Haryana Story | पानीपत की 3 बेटियों और एक बेटे ने पास की UPSC की परीक्षा, मॉडल टाउन की श्रेया गुप्ता को मिला 114वां रैंक

पानीपत की 3 बेटियों और एक बेटे ने पास की UPSC की परीक्षा, मॉडल टाउन की श्रेया गुप्ता को मिला 114वां रैंक

अंसल कॉलोनी वासी चंदौली की कीर्ति को 304वीं रैंक, देवी मंदिर उत्तम नगर की रहने वाली ज्योति को 683वीं रैंक, गांव बड़ौली के मोहित मिटान ने 717 वां रैंक हासिल किया

प्रतीकात्मक तस्वीर

पानीपत की 22 वर्षीय श्रेया गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में 114वां रैंक हासिल कर अपना, अपने परिवार का, पानीपत व हरियाणा का नाम देश भर में रोशन किया है। श्रेया ने बताया कि उन्होंने दूसरे प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा हर स्तर पर उत्तीर्ण की है। पहले प्रयास में जब वह यूपीएससी क्लीयर नहीं कर पाई तो उसके अंदर निराशा का भाव गहरा गया था। मॉडल टाउन निवासी पिता एडवोकेट रमेश गुप्ता व माता पूनम गुप्ता ने हर स्तर पर सहयोग किया। रमेश व पूनम की गाइडेंस में उन्होंने अपनी कमियों को पहचाना व उन्हें दूर किया। दूसरे प्रयास में वे यूपीएससी क्लीयर कर गई।

अनुशासित तरीके से मेहनत की

पानीपत के सेंट मेरी स्कूल से कॉमर्स में 12 वीं कक्षा पास की। जबकि लेडी श्रीराम कॉलेज, दिल्ली से श्रेया ने कॉमर्स में स्नातक की उपाधि ग्रहण की। श्रेया ने बताया कि उसने नामचीन कोचिंग सेंटर में शिक्षित होने के बजाए घर पर रह कर पढाई की, ऑनलाइन विशेषज्ञों से गाइडलाइन की। श्रेया ने यूपीएससी की तैयारी के दौरान स्वयं को मोबाइल फोन सैट व सोशल मीडिया से दूर रखा। अनुशासित तरीके से मेहनत की। वहीं, अनुशासित मेहनत के बल पर माता व पिता के सहयोग से भगवान का आशीर्वाद से वे यूपीएससी में 114 वां रैंक हासिल कर पाई। गुप्ता परिवार मूल रूप से गांव बिटानी जिला जींद के मूल निवासी है। काफी सालाें पहले श्रेया के दादा आनंद प्रकाश व दादी श्याम गुप्ता पानीपत के मॉडल टाउन में बस गए थे, दादा आनंद पेश से व्यापारी थे। श्रेया का एक बडा भाई यश है जो आईआईएम मुंबई से बिजनेस एडमिनिस्ट्रशन की शिक्षा ले रहा है। गुप्ता परिवार के घर पर श्रेया व उसके परिजनों का बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। 

👆मॉडल टाउन निवासी पिता एडवोकेट रमेश गुप्ता व माता पूनम गुप्ता बेटी श्रेया गुप्ता के साथ। 

चंदौली गांव की बेटी कीर्ति पवार ने भी किया नाम रोशन

गांव चंदौली निवासी पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र पवार की बेटी कीर्ति ने भी यू.पी.एस.सी. की परीक्षा में 304वां रैंक हासिल कर जिला का नाम रोशन किया हीे। कीर्ति पवार ने हिंदू कॉलेज दिल्ली से बीए करने के बाद एल.एल.बी की परीक्षा पास की। कीर्ति पवार ने बताया कि वह 2021 से ही यू.पी.एस.सी. की तैयारी कर रही थी। दो बार मेन तक पहुंची, वहीं तीसरी बार में इंटरव्यू तक पहुंची। सिलेक्शन नहीं होने पर एक साल का गैप लिया। इसी बीच क्लैट इंडिया में सेकंड रैंक मिला व केंद्र सरकार के पावर ग्रिड सैंटर में लॉ ऑफिसर के पद पर नौकरी लग गई। 

एक साल जॉब के साथ यू.पी.एस.सी. की फिर से तैयारी की और अब चौथा अटैम्ट में 304वां रैंक मिला है। पावर ग्रिड सैंटर गुरुग्राम में ही जॉब के साथ तैयारी कर रही थी। कीर्ति के पिता जोगेंद्र पवार जी.टी.रोड स्थित मॉडल संस्कृति स्कूल में करीब सत्रह साल सांइस के लेक्चरर रहे इसके बाद बाबैल व ददलाना में प्राचार्य रहे। वहीं घरौंडा में शिक्षा अधिकारी के पद से रिटायर हुए थे। कीर्ति की माता काबड़ी स्कूल में हिंदी की लेक्चरर है। वहीं भाई गृह मंत्रालय दिल्ली में डीएसपी के पद पर व भाभी गुरुग्राम में जज के पद पर है। एक बहन एमबीबीएस कर रही है। आने वाले उम्मीदवारों के बारे में उन्हाेंने कहा कि बार- बार रिवाइज करें। नोटस की अच्छे से तैयारी करें। मेहनत करें, हार नहीं माने, बहुत ईमानदारी से कार्य करें।

कीर्ति का यू.पी.एस.सी. में चयन होने अंसल कालोनी में घर पर बधाईयां मिल रही है। एक तरफ जहां शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा व भाजपा नेता गजेंद्र सलूजा ने बधाई दी तो वहीं रिटायर्ड आई.ए.एस.वजीर सिंह गोयत, डिप्टी सुपरिटेंडेंट सुरेंंद्र बांगड़, प्रधान राजेश सूरी, प्रवीन ढिंगडा़, लाल सिंह, जाट धर्मार्थ सभा के पूर्व प्रधान जगबीर राणा, रणबीर आटा, सुरेंद्र नांदल, भाजपा नेता देव मलिक, सुरजमल जागलान, बलबीर सिंह, आदि ने भी बधाई दी।

👆यू.पी.एस.सी.परीक्षा पास करने पर कीर्ति के घर बधाईयां देने पहुंचे कॉलोनी वासी, साथ है परिजन। 

उत्तम नगर की रहने वाली ज्योति को मिला यूपीएससी परीक्षा में 683वां रैंक

पानीपत वार्ड नंबर पांच बैक साइड देवी मंदिर उत्तम नगर की रहने वाली ज्योति ने यूपीएससी परीक्षा में 683 वी रैंक हासिल कर जिले का ओर माता पिता का नाम रोशन किया है। फिलहाल ज्योति रोहतक जिले में एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग में ई टी ओ के पद पर कार्यरत है। ज्योति ने पहले भी पांच बार परीक्षा दी, अब छठी बार सफलता हासिल हुई और माता-पिता के सपनों को साकार किया। ज्योति के परिवार के सदस्यों ने ज्योति और उसके माता-पिता को नोटों का हार पहना कर उमंग के साथ इस खुशी को मनाया।

ज्योति के पिता ब्रह्म सिंह पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हैं। ज्योति के परिवार में माता-पिता दो बहने तीन भाई हैं बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और बड़ा भाई गवर्नमेंट जॉब पर है। ज्योति रोजाना 6 से 8 घंटे की पढ़ाई करती थी और एग्जाम के दौरान वह10 से 12 घंटे की पढ़ाई भी किया करती थी, ज्योति ने कहा की परीक्षा की तैयारी के लिए सोशल मीडिया और परिवार के सभी कार्यक्रमों से दूरी बनाना भी अहम रहा और वह अपनी परीक्षा के लिए तैयारी कर पाई ,उसने कहा कि मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। 

👆परीक्षा पास करने वाली ज्योति परिजनों के साथ। 

गांव बड़ौली में किसान के बेटे ने पास की यूपीएससी की परीक्षा

वहीं गांव बड़ौली में किसान के बेटे ने यूपीएससी की परीक्षा पास कर गांव व जिले का नाम रोशन किया। गांव बड़ौली के मोहित मिटान ने 717 वां रैंक हासिल किया है। इसी खुशी में गांव में परिजनों को बधाई देने के लिए ग्रामीण घर पर आ रहे है। मोहित मिटान ने 12वी तक की पढ़ाई पानीपत के आर्य बाल भारती पब्लिक स्कूल में की वहीं मोहित ने अपनी इकोनॉमिक्स से ग्रेजुएशन कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से की। उसके बाद यूपीएससी की तैयारी के साथ रोहित ने एम.एस.सी. भी की। मोहित ने अपने आखरी अटेम्प्ट में परीक्षा पास की है। पिता ओमप्रकाश ने बताया कि कहा कि बड़ी खुशी हुई है बच्चे की मेहनत रंग लाई है। मेरा बेटा पुलिस विभाग में लोगों की सेवा करेगा।

👆मोहित मिटान (गांव बड़ौली)

Join The Conversation Opens in a new tab
×