loader
The Haryana Story | कांग्रेस में 'गद्दारों' की खैर नहीं! क्रॉस वोटिंग की जांच रिपोर्ट तैयार, जल्द गिरेगी गाज

कांग्रेस में 'गद्दारों' की खैर नहीं! क्रॉस वोटिंग की जांच रिपोर्ट तैयार, जल्द गिरेगी गाज

क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर एक्शन की तैयारी: अनुशासन समिति ने सौंपी रिपोर्ट, आलाकमान लेगा आखिरी फैसला, हुड्डा और राव नरेंद्र का दो टूक बयान- राज्यसभा चुनाव में दगाबाजी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

कांग्रेस में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग पर कार्रवाई करते हुए अनुशासन समिति की जांच रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को सौंप दी गई है। अब पार्टी आलाकमान क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर कार्रवाई करेगी। पार्टी अब किसी भी गद्दार विधायक को बख्शने के मूड में नहीं हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह व कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अनाज मण्डी में गेहूं खरीद का निरीक्षण से पूर्व गुरुवार को साढौरा के रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उक्त बात कही।

पांच विधायकों ने क्रॉस वोट किए थे

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस एकजुट थी। पांच विधायकों ने क्रॉस वोट किए थे। पार्टी ने पूर्व विधायक धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता में अनुशासन समिति का गठन किया। समिति ने विधायकों को नोटिस दिए थे। उन्होंने व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से इनकी सुनवाई की है। समिति की रिपोर्ट मिल गई है। इसमें अपने सुझाव जोड़ते हुए रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को दी है। वे आगे पार्टी आलाकमान को रिपोर्ट देंगे। ऐसे विधायकों पर फैसला आलाकमान को लेना है। उन्होंने अनाज मंडी में किसानों व आढ़तियों से बात की। उन्होंने खरीद व्यवस्था पर चिंता भी जताई। 

भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी

कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने बताया कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी है। सरकार अपने बेबुनियाद व बेफिजुल के फैसले थोपकर किसानों का अपमान करने लगी है। भाजपा सरकार द्वारा लागू पोर्टल किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। फसल बेचने के लिए किसानों को अब कई तरह की तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार के समय में किसानों को सरल और सुगम सुविधाएं मिलती थीं, वहीं अब किसानों को अपनी ही फसल बेचने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। भाजपा सरकार 24 फसलों पर एमएसपी खरीद करने का दावा करती है, लेकिन जब उनसे इन फसलों के नाम पूछे जाते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि गेट पास पर बायोमेट्रिक और पोर्टल सिस्टम ने किसानों को परेशान कर दिया है। 

किसानों को नुकसान

बारिश के कारण पहले ही किसानों को नुकसान हो रहा है, ऊपर से ये जटिल प्रक्रियाएं उनकी मुश्किलें बढ़ा रही हैं। यह सब धरातल पर व्यावहारिक नहीं हैं। एजेंसी गेहूं को खरीद नहीं रही हैं। अगर खरीद लिया है तो उसका उठान नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर सांसद वरुण मुलाना, जगाधरी विधायक अकरम खान, जिप परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल संधू, जिला अध्यक्ष नरपाल सिंह गुज्जर, जिला महासचिव अंकित अग्रवाल, आढ़ती एसोसिऐशन के प्रधान राजकुमार अग्रवाल, संदीप गुप्ता, सुधीर भल्ला, संदीप जैन, शुभम गौरी, सरपंच अमन संधू सैदूपुर, गुरदयाल सिंह पहाड़ीपुर, वलीद्दीन कल्याणपुर, सकील मोहम्मद जामनावाला, संजीव सैनी, दर्शन लाल, मनीष, सुरजीत सिंह व सतीश सिंह टोढरपुर मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×